अयोध्या : पर्व-त्यौहार के दौरान दंगा और बवाल से निपटने को पुलिस ने किया अभ्यास
एसपी देहात ने देखा ड्रिल और अभ्यास,दी आवश्यक हिदायत
अयोध्या, अमृत विचार। आगामी पर्व-त्यौहार को लेकर पुलिस ने मंगलवार को पुलिस लाइन ग्राउंड पर आयोजित साप्ताहिक परेड के बाद दंगा और बवाल से निपटने के लिए साजो-सामान के साथ ड्रिल और अभ्यास किया। दो घंटे से ज्यादा समय तक चले इस ड्रिल और अभ्यास में पुलिसकर्मियों के साथ सभी शखाओं ने भाग लिया। राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में जवानों को विभिन्न उपकरणों तथा असलहों के संचालन आदि की जानकारी दी गई और चलवा कर देखा गया। एसपी देहात ने ड्रिल और अभ्यास का जायजा लिया और मातहतों को आवश्यक हिदायत दी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस महकमें को तमाम सुरक्षा और सर्विलांस उपकरण के साथ असलाह उपलब्ध कराया गया, साथ ही महकमे में पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के अलावा अग्निशमन, घुड़सवार दस्ता, बम खोजी और निरोधी दस्ता, एंटी सेबोटाज चेक टीम, त्वरित कार्रवाई दाल, स्वाट टीम, ख़ुफ़िया दस्ते आदि की तैनाती है। विशेष परिस्थितियों में आतंकी हमलों को रोकने और जवाबी कार्रवाई के लिए भी जिले में एटीएस का दस्ता तथा बख्तरबंद वाहन और अन्य साधन-संसाधन हैं। मंगलवार को पुलिस लाइन ग्राउंड पर विभाग के सभी शाखाओं और पुलिस कर्मियों व अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह दंगा नियंत्रण ड्रिल का प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया। जवानों के सुरक्षा उपकरणों तथा उनके इस्तेमाल के तौर-तरीकों को जांचा-परखा गया तथा एंटी राइट गैन, आंसू गैस गैन, रबर व पैलेट बुलेट की आवश्यकता और फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
एसपी देहात एके सोनकर ने आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानी तथा उपकरणों के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी। वहीं अधिकारियों ने एक-एक उपकरणों और उनके इस्तेमाल के बारे में बताया। इस अवसर पर सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह, सीओ क्राइम व लाइन आशीष निगम, सीओ अयोध्या एसके गौतम, प्रतिसार निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह समेत थाना व कोतवाली प्रभारी आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : विस्थापितों को 20 लाख में दुकान, कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे व्यापारी
