Kanpur News: शेयर कारोबारी की मौत के साथ डूब गया 120 निवेशकों का 150 करोड़, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में शेयर कारोबारी की मौत के साथ डूब गया 120 निवेशकों का 150 करोड़।

कानपुर में शेयर कारोबारी की मौत के साथ डूब गया 120 निवेशकों का 150 करोड़। निवेशकों की शिकायत पर एडीसीपी क्राइम ने जांच की थी।

कानपुर, अमृत विचार। शहर के शेयर कारोबारी लक्ष्मी नारायण शुक्ला की मौत के साथ शहर के 120 निवेशकों के डूबे 150 करोड़ रुपये के मामले में क्राइम ब्रांच की जांच पूरी हो गई है। क्राइम ब्रांच ने माना है, कि निवेशकों के साथ ठगी हुई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई है। रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को सौंप दी गई।

श्यामनगर सांई धाम अपार्टमेंट निवासी लक्ष्मी नारायण शुक्ला एलएनएस मनी मल्टीप्लायर्स नाम से एक कंपनी का संचालन करते थे। वह मुख्य रूप से अपनी कंपनी के मार्फत लोगों का पैसा शेयर बाजार में लगाते थे। 10 अगस्त वर्ष 2022 को लक्ष्मी नारायण शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में ऑफिस में मृत्यु हो गई थी।

आरोप था कि कार्यालय में कर्मचारियों ने एक सड़क हादसे में उनके घायल होने की सूचना दी, जिसके बाद उनकी मृत्यु की सूचना आई। बावजूद इसके पारिवारिक सदस्यों ने उनका पोस्टमार्टम नहीं कराया। अगले दिन आनन-फानन में दाह संस्कार कर दिया गया। यही नहीं लक्ष्मी नारायण शुक्ला की मृत्यु के बाद उनके पारिवारिक सदस्य भी फरार हो गए। कार्यालय में जो लैपटॉप व अन्य इलेक्ट्रनिक उपकरण थे, जिसमें निवेशकों का डिटेल था, वह भी गायब कर दिए गए।

निवेशकों ने पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस कमिश्नर ने इस प्रकरण में क्राइम ब्रांच के एडीसीपी मनीष सोनकर को जांच सौंपी थी। निवेशकों का आरोप है, कि एक पूर्व पुलिस अधिकारी, एक डेयरी कारोबारी समेत लक्ष्मी नारायण शुक्ला के चार पार्टनर और उनके पारिवारिक सदस्यों ने मिलकर यह घोटाला किया है।

पुलिस कमिश्नर बी पी जोगदंड ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने जांच पूरी कर ली है। मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई है। निवेशकों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज होगा और जांच कर दोषियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे।

संबंधित समाचार