शाहजहांपुर: भीम आर्मी प्रमुख पर हमले के विरोध में दिया धरना, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा
भीम आर्मी प्रमुख को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
शाहजहांपुर, अमृत विचार: भीम आर्मी प्रमुख चंद्र शेखर पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में कार्यकर्ताओं में आक्रोश भड़क गया। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खिरनीबाग रामलीला मैदान में एक दिवसीय धरना दिया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुशांत श्रीवास्तव को सौंपा। भीम आर्मी प्रमुख को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान किए जाने और हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई है।
भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि चंद्रशेखर पर सहारनपुर के देवबंद में जानलेवा हमला किया गया है। फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया गया है। इसके बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश भड़क गया। रात में ही आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम और भीम आर्मी जिलाध्यक्ष राजीव गौतम ने कार्यकर्ताओं से बृहस्पतिवार सुबह खिरनी बाग रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन के लिए इकट्ठा होने का आह्वान किया।
सुबह करीब दस बजे कार्यकर्ता तय स्थान पर पहुंचना शुरू हो गए। यहां कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इधर जब पुलिस को जब कार्यकर्ताओं के इकट्ठा होने जानकारी मिली तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया। वहीं सीओ सिटी वीएसवीर कुमार भी रामलीला मैदान पहुंच गए और कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने सक्षम अधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात कही।
दोपहर बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुशांत श्रीवास्तव धरना स्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया है कि हमारे नेता चंद्रशेखर के ऊपर पहले भी 20 जनवरी को मुजफ्फरनगर में हमला हो चुका है, नेता की सुरक्षा की मांग लगातार की जाती रही, फिर हमारे नेता को सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। इसी लापरवाही की वजह से उन पर 28 जून को देवबंद में हमला बोल दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर को जेड प्लस की सुरक्षा प्रदान किए जाने और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मंडल महासचिव महेश सागर, धर्मेंद्र, सोनू रावत, इमरान इदरीशी, मुस्तकीम अली, विमल कुमार भोजवाल, वीर सिंह, रामदेव, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: सीएचओ शिल्पी यादव बर्खास्त, कलान के बाल विकास परियोजना अधिकारियों का वेतन रोका
