ललितपुर: बोरवेल में गिरा युवक, प्रशासन ने कड़ी जद्दोजहद के बाद सुरक्षित निकाला
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में थाना मडावरा क्षेत्रांतर्गत खेत में बने बोरवेल में गुरूवार को गिरे एक युवक को आज प्रशासन ने कड़ी जद्दोजहद के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। थाना मडावरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिरोन के मजरा मटयाहारब निवासी लखन कुशवाहा (30) पुत्र निरपत कुशवाहा को बोर से बाहर निकाला गया है।
लखन अपने ही खेत पर मकान बनाकर रह रहा था और पास में स्थित खेत में उसने खेतों की सिंचाई के लिए एक बोर कराया था व उसमें समरसेविल पानी खींचने वाली मोटर भी डाल दी थी, लेकिन पानी नहीं निकला था और उसे यूं खुला छोड़ दिया था। लखन खेत पर ही था और रात से जारी बारिश को देखते हुए सुबह वह बोर के पास जाकर उसमें पानी की स्थिति देखने लगा।
वह मिट्टी के ढेर पर खड़े होकर बोरवेल के अंदर डली हुई मोटर को निकालने का प्रयास करने लगा, जहां मिट्टी गीली होने की वजह से उसका पैर अचानक फिसल गया और वह बीस फीट नीचे गहरे बोर में जा गिरा। मौके पर मौजूद उसके परिजनों ने जब देखा तो तत्काल घटना की सूचना प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम मडावरा के साथ तहसीलदार मडावरा और पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया व चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बोरवेल के गड्ढे में गिरे हुए लखन को सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली।
यह भी पढ़ें:-PPS Officers Transfer: यूपी में पीपीएस अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें सूची
