अयोध्या : कीचड़ और जलभराव बना लोगों के लिए मुसीबत
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। बरसात शहरवासियों के लिए नहीं बल्कि गांवों में रहने वाले लोगों के लिए बारिश मुसीबत का सबब बन गई है। बारिश के कारण विकासखंड पूराबाजार के राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर की गलियों में कीचड़ व जलभराव हो गया है। जिसके कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव व कीचड़ से निपटने के लिए बरसात से पहले गली दुरुस्त कराने की मांग की गई थी लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका।
ग्राम पंचायत सदस्य अंकित दूबे, मोहित, जीतू मौर्या, कृष्ण कुमार मौर्या, रामचंद्र मौर्या का कहना है कि ग्राम पंचायत सराय चैमल के राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर में दिनेश मौर्या के घर से सोनू दूबे के घर तक की गली में बरसात के कारण जलभराव व कीचड़ हो गया है। इस समस्या से निपटने के लिए ग्राम पंचायत की खुली बैठक में कई बार गली बनवाने का प्रस्ताव कराया गया। साथ ही ग्राम प्रधान से लेकर सचिव तक से भी कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अब हालत यह है कि बरसात में जलभराव व कीचड़ से होकर गुजरना मजबूरी हो गई है। खंड विकास अधिकारी मनीष मौर्य ने कहा कि ग्राम पंचायत में प्रस्ताव के बाद गली का निर्माण हो जाना चाहिए था। मामला मेरे संज्ञान में आया है, जल्द ही इसका निर्माण करा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -VIDEO : नाला में गिरी गाय, दरोगा ने वर्दी पहन रेस्क्यू कर बचाई जान...हर तरफ हो रही प्रशंसा
