अयोध्या: रिटायर्ड अफसर का एटीएम बदल खाते से निकाले 80 हजार, केस दर्ज
अयोध्या, अमृत विचार। नगर कोतवाली के देवकाली क्षेत्र निवासी रिटायर्ड उद्यान अधिकारी का बैंक एटीएम बदल उनके खाते से किश्तों में लगभग 80 हजार की रकम निकाल लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
मूल रूप से मऊ जनपद के थाना घोसी स्थित ग्राम पकड़ी खुर्द निवासी रिटायर्ड उद्यान अधिकारी बालेश्वर राय का कहना है कि वह देवकाली क्षेत्र में मकान बनवा काफी वर्षो से रहते हैं। 2-3 जून को अपनी पोती को बगल आदर्श नगर स्थित एसबीआई के एटीएम पर अपने स्टेट बैंक हेड ब्रान्च सिविल लाइन स्थित बैंक खाते से 20 हजार रुपया निकालने भेजा था लेकिन पिन गलत बता दिया था जिसके चलते रकम नहीं निकली।
हालाँकि इसी बीच किसी ने उनका एटीएम बदल लिया और पिन जान लिया तथा 2 जून से 5 जून तक 12 बार में कुल 80 हजार 94 रूपये 40 पैसे की निकासी और खरीददारी कर ली। रजिस्टर्ड नंबर पर रकम निकासी का मैसेज आने के बाद बैंक जाकर छानबीन कराई तो पता चला कि रकम उन्हीं के एटीएम कार्ड से निकली है और उनके पास मौजूद एटीएम किसी दूसरे का है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: सहादतगंज से नया घाट जाना, नाकों चने चबाना, रामपथ समेत कई मार्गों पर चलना हुआ मुश्किल
