अयोध्या के इस गांव के लिए मुसीबत है बारिश, घरों में कैद रहते हैं यहां के लोग
हैदरगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। बीकापुर तहसील क्षेत्र में एक ऐसा भी गांव है जो बारिश में लॉक हो जाता है। यहां की 1500 की आबादी बारिश के दौरान गांव से कहीं आसानी से आ जा नहीं सकती है। करीब तीस साल से यहां के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बीकापुर क्षेत्र के विकास खंड तारुन के ग्राम पंचायत जाना के अंतर्गत ग्राम चौबेपुर जाना बाजार के वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव में भारी बारिश तो दूर हल्की बारिश में भी दशा काफी गंभीर हो जाती है। बारिश के चलते हालात इतनी खराब हो गई है कि चार पहिया वाहन तो दूर पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
इस संबंध में यहां के लोगों श्याम चन्द्र लाल, चंपा देवी, अशोक यादव, अतुल कुमार यादव, पवन श्रीवास्तव, शुभांश कुमार, समर बहादुर यादव,राम कुमार यादव, राम धन यादव, अवधेश पांडेय, घनश्याम यादव ने बताया कि यह गंभीर समस्या आज से नहीं बल्कि बहुत पुरानी है। चुनाव के दिनों में ग्राम प्रधान, विधायक, सांसद व पदों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी चुनाव से पहले इस गंभीर समस्या को दूर करने का आश्वासन तो दे देते हैं परंतु चुनाव जीतने के बाद फिर इस समस्या पर ध्यान नहीं देते हैं। यहां के लोगों ने बताया कि यह गंभीर समस्या अनेक बार संबंधित एक दो नहीं बल्कि कई ग्राम प्रधान से अवगत कराया। परंतु तीस चालीस साल हो गए समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर में दबंगों पर घर में घुसकर महिलाओं से छेड़खानी और पीटने का आरोप, केस दर्ज
