शाहजहांपुर: हत्यारोपी बहन की छह दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने किया हंगामा
भयभीत होकर नगर से पलायन करने की दी धमकी, विधायक सलोना के आश्वासन पर माने परिजन
तिलहर, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला सैय्यदवाड़ा में 16 वर्षीय अनमोल मिश्रा 25 जून को हुई हत्या मामले में पुलिस ने छह दिन बाद भी आरोपी अर्चना मिश्रा को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार की शाम को एक बार फिर थाने पर हंगामा किया और आरोपी बहन को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही ऐसा न करने पर भयभीत होने के कारण पलायन कर जाने की धमकी दी। विधायक सलोना कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस न्याय करेगी। इस पर परिजन मान गए और लौट गए।
सैय्यदवाड़ा मोहल्ला निवासी संजीव मिश्रा के 16 वर्षीय पुत्र अनमोल मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से 25 जूप को मौत हो गई थी। इसके बाद अनमोल की मां वैशाली शर्मा ने अपने जेठ राजीव मिश्रा, जेठ की पुत्री अर्चना मिश्रा व मोहल्ले के ही लोकेश पर मारपीट कर पुत्र की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी ताऊ राजीव मिश्रा और लोकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मृतक के परिजन अब आरोपी बहन अर्चना की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री चंद्रकांता त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को अनमोल की आत्मा की शांति के लिए शुद्धि हवन किया गया। इसी दौरान हत्यारोपियों के परिजनों ने सभी को देख लेने की धमकी दी। इससे भयभीत मृतक की मां वैशाली ने अपनी पुत्री और पति के साथ सामान बांधकर घर से पलायन करने का मन बना लिया।
घटनाक्रम की सूचना भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा को दी गई, जिसके बाद वह आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्होंने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई। महिलाओं ने विधायक के सामने ही कोतवाली पुलिस पर अपने साथ अभद्र व्यवहार करने और बैठने की कुर्सियां तक हटवाने का आरोप लगाया, जिस पर विधायक ने कहा कि वह अधिकारियों से इस पर बात करेंगी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरे मामले में न्याय करेगी और जल्द ही आरोपी युवती को भी गिरफ्तार करेगी। विधायक ने कहा कि पुलिस अधिकारियों से उनकी वार्ता हुई है आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
