UP में भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान शुक्रवार को खत्म, अब 2 जुलाई को शाह और 7 को मोदी आएंगे यूपी
राज्य ब्यूरो, लखनऊ/अमृत विचार। उप्र. में भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान शुक्रवार को खत्म हो गया। 30 मई से शुरू हुए महाजनसंपर्क अभियान को 30 जून यानि शुक्रवार को खत्म होना था। अब इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जुलाई में केन्द्र के बड़े नेताओं का आने का सिलसिला शुरू होगा।
अब दो जुलाई को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपना दल (एस) के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती के मौके पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान आ रहे हैं तो सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोरखपुर आ रहे हैं। वह गीता प्रेस के शताब्दी कार्यक्रम के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही उनका कुशीनगर जाने का भी कार्यक्रम है। कुशीनगर में प्रधानमंत्री मोदी कृषि विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर एक महीने तक प्रदेश में चले भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के तहत प्रदेश के 21 क्लस्टर में बांट कर केन्द्र व प्रदेश के बड़े नेताओं की जनसभाएं हुईं। भाजपा के सभी मोर्चों ने जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए। गोष्ठियां हुईं और जिला स्तर पर विशिष्ट जनों का सम्मान हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी समेत केन्द्र व प्रदेश के ज्यादातर मंत्रियों की सभाएं हुईं। बड़े नेताओं के अलावा सांसदों और विधायकों ने जनसम्पर्क कर उन्हें मिस्ड कॉल कराई। इसके साथ ही जिला स्तर पर केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के भी सम्मेलन हुए। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 जून को भोपाल में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को वर्चुअली सम्बोधित कर सरकार की उपलब्धियां बताईं।
सांसदों से मांगी गई है अभियान की रिपोर्ट
पार्टी सूत्रों के अनुसार अब भाजपा ने महाजनसंपर्क अभियान के बारे में केन्द्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के सांसदों से रिपोर्ट मांगी । यह रिपोर्ट ही प्रदेश के सांसदों का परफार्मेंस रिपोर्ट होगा। इस रिपोर्ट की सच्चाई जाने के लिए केन्द्रीय नेतृत्व विभिन्न सर्वे एजेंसियों की सहायता लेगा। इसी आधार पर प्रदेश के सांसदों का 2024 का टिकट तय होगा। परफार्मेंस रिपोर्ट कार्ड के तहत सांसदों को एक फार्म भेजा गया है। इस फॉर्म में सभी सांसदों से महाजनसंपर्क अभियान की रिपोर्ट मांगी गई है और पूछा गया कितने घरों तक पहुंचे। भाजपा ने सभी सांसदों को दो पन्नों के नोट्स के साथ तीन फॉर्म भेजे हैं।
इस फॉर्म को भरकर उन्हें प्रदेश कार्यालय या फिर दिल्ली में संसदीय कार्यालय में जमा करना है। इसमें उनसे पूछा गया है कि महाजनसंपर्क अभियान में सांसदों ने कितना काम किया है। साथ ही इस फार्म में आगे के टारगेट भी दिए गए हैं। इसके अलावा सांसदों को सरल एप में पूरे अभियान की फोटो डालनी होगी। सांसदों को क्षेत्र मंे कराए गए कार्यों के साथ ही संगठन के अभियानों में सक्रियता का विस्तृत ब्योरा पार्टी के देना होगा। वहीं पार्टी के ओर से हर सांसद के क्षेत्र में उसके काम का फीडबैक भी लिया जाएगा। इसके लिए हर जगह जिला स्तर से एक रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है।
यह भी पढ़ें:-Adipurush Controversy: हाईकोर्ट ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक व डायलॉग राइटर को किया तलब
