Auraiya News : तीनों तहसीलों में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, डीएम व एसपी ने फरियादियों की सुनी समस्याएं
औरैया में डीएम व एसपी ने फरियादियों की सुनी समस्याएं।
औरैया में की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस पर डीएम व एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनी।
औरैया, अमृत विचार। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस औरैया तहसील में हुआ। यहां पर डीएम व एसपी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और निर्धारित समय के अंदर शिकायतों का निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। सबसे ज्यादा शिकायत पुलिस व राजस्व संबंधित आईं।
डीएम नेहा प्रकाश ने संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारियों से कहा कि प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा अपने स्तर से करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण लिखित पत्र के साथ शिकायतकर्ता को सूचना दी जाए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। औरैया सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर आए 124 फरियादियों में से 9 फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
शिकायतों में सबसे अधिक जमीन कब्जा, विद्युत बिल समस्या आदि प्राप्त हुई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम, उप जिलाधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी संध्या शर्मा, तहसीलदार रणवीर सिंह व नायब तहसीलदार पवन कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बिधूना प्रतिनिधि के अनुसार : शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में कुल 78 शिकायतें आई जिनमें 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बरालोकपुर निवासी सिया रानी पत्नी नवाब सिंह ने अनिल, बबलू, रामसेवक, राम कुमार, लालू पर पट्टे की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया।
नंदपुर निवासी गौरव कुमार पुत्र चंद शेखर ने अशर्फीलाल, बेचेलाल, जगत सिंह, गंगाशरण पर ग्राम सभा के तालाब की भूमि संख्या 1617रकवा 0-2830 पर मिट्टी आदि की भराई कर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। बहलोलपुर निवासी राजकुमारी ने पट्टे में मिली भूमि पर किसी प्रकार का दखल ना किए जाने की मांग की।
पुरवा दांनसहाय सहार निवासी प्रधान राममूर्ति पत्नी स्वर्गीय सूर्यभान ने शिकायत में कहा है कि ग्राम पंचायत में बने पंचायत घर पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। कहा लाख कहने के बावजूद भी दबंग पंचायत घर से अपना कब्जा नहीं हटा रहे हैं। जिससे नये पंचायत घर के निर्माण कराये जाने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह कई प्रार्थना पत्र दे चुकी है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। ग्राम प्रधान ने संयुक्त टीम गठित कर पंचायत घर को दबंगों से खाली कराए जाने की मांग की है। अपर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को टीम गठित कर पंचायत घर की भूमि को खाली कराए जाने के साथ दोषी लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने को कहा है।
विकासखंड क्षेत्र अछल्दा के ग्राम जुगराजपुर निवासी गोविंद मिश्रा वीरेंद्र सुमित कुमार अमित कुमार अनुरुद्ध दुबे अजय कुमार धर्मेंद्र कुमार आदि ने बिधूना अच्छल्दा मार्ग से गांव के लिए जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है। कुचेला निवासी गिरीश चंद पुत्र रामस्वरूप ने आरोप लगाया कि दफेदार के मकान से सोने लाल के चक तक जाने वाली सड़क के आम रास्ता पर गांव के दबंग सड़क निर्माण नहीं होने दे रहे हैं।
जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा,उपजिलाधिकारी लवगीत कौर,तहसीलदार जितेश वर्मा ,नायब तहसीलदार प्रकाश चौधरी पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार आदि अधिकारियों ने भी फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उनका यथासंभव निराकरण कराये जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ बीपी शाक्य, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार,बाल विकास परियोजना अधिकारी अभिषेक कठेरिया मुख्य सेविका संध्या यादव, रामबेटी नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक राकेश शाक्य कानून गो जगदेव यादव, केशव, सुधीर यादव, आदि मौजूद थे।
