रूट डायवर्जन : कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक का रूट प्लान देखकर फिर निकलें
कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने वाली है...यात्रा को सुगम बनाने के लिए पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है
मुरादाबाद, अमृत विचार। घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस का रूट डायवर्जन प्लान जरूर समझ लें। मंगलवार से कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने वाली है। यात्रा को सुगम बनाने के लिए पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। तैयारी के मुताबिक, प्रथम शुक्रवार (सात जुलाई) शाम छह बजे से सोमवार शाम चार बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। यह क्रम 17 जुलाई अर्थात तृतीय सोमवार तक चलेगा। इस बीच में रूट डायवर्जन वाले मार्गों पर ही बसें या अन्य वाहन चलेंगे।
कांवड़ यात्रा के प्रथम सोमवार के लिए (सात से 10 जुलाई अर्थात शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार शाम चार बजे तक) के बीच मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर ट्रक, बस व अन्य भारी वाहन बदले मार्ग से पास कराए जाएंगे। इस दौरान हल्के वाहन मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन (साइड) पर चलेंगे, जबकि दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आने वाली लेन पर केवल कांवड़ियां और उनके वाहन सफर कर सकेंगे। मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर सात से 17 जुलाई के बीच बस, ट्रक और अन्य भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को भी डायर्वजन वाले रूट से पास कराया जाएगा। मार्ग के एक लेन में हल्के वाहन पास होंगे, जबकि दूसरी लेन में कांवड़ियां निकलेंगे।
ट्रैफिक डायवर्जन
- मुरादाबाद से बिजनौर/हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसें अस्थाई बस स्टैण्ड (प्रेम वंडर लैंड फ्लाई ओवर के नीचे) थाना कटघर से ठाकुरद्वारा, काशीपुर, जसपुर, अफजलगढ़, शेरकोट, धामपुर होते हुए बिजनौर/हरिद्वार की ओर जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आयेंगे।
- मुरादाबाद से बिजनौर की ओर जाने वाले हल्के वाहन वाया टीएमयू से शेरुआ चैराहा, छजलैट, नूरपुर, होकर बिजनौर जाएंगे। इसी मार्ग से वापस आयेंगे।
- बिजनौर रोड से बरेली/रामपुर जाने वाले हल्के वाहन कोठीवाल डेंटल काॅलेज कट से ठाकुरद्वारा बाईपास होकर भोजपुर होते हुए काशीपुर तिराहा होते हुए रामपुर/बरेली जाएंगे।
- मुरादाबाद से बिजनौर/हरिद्वार/मुजफ्फरनगर को जाने व आने वाला भारी वाहन मुरादाबाद से ठाकुरद्वारा, जसपुर अफजलगढ़, धामपुर, बिजनौर से जायेगा।
- मुरादाबाद से बिजनौर/हरिद्वार जाने वाले भारी वाहन बिलारी, सिरसी, सम्भल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर, होकर बिजनौर/हरिद्वार पहुंचेंगे। ( सात से 17 जुलाई तक)
इन मार्गों के लिए परिवर्तित रूट
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन वाया मिलक, शाहबाद, बिलारी, सिरसी, संभल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद होकर दिल्ली पहुंचेंगे, इसी मार्ग से वापसी में दिल्ली से बरेली जाएंगे।
- रामपुर से मुरादाबाद की ओर आने वाला भारी वाहन वाया-शाहबाद, बिलारी होकर अस्थाई बस स्टैंड आजाद नगर कटघर जाएंगे, इसी मार्ग से वापस होकर रामपुर जा सकेंगे।
- मुरादाबाद से दिल्ली एवं मेरठ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें अस्थाई बस स्टैंड आजाद नगर कटघर से बिलारी, सिरसी, संभल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर होकर दिल्ली/मेरठ जाएंगी और इसी मार्ग से वापस आएंगी।
- महाराणा प्रताप चौक से जीरो प्वॉइंट पाकबड़ा तक का क्षेत्र नो-ट्रैफिक जोन रहेगा।
इस बार श्रावण माह आठ सोमवार वाला है। कांवड़ियों के लिए शुक्रवार से सोमवार के बीच रूट डायवर्जन किया है। अगर कांवड़ियों की संख्या अधिक रहती है तो आवश्यक्तानुसार हल्के वाहन के संचालन को भी डायवर्ट किया जा सकता है। कहां बैरिकेडिंग करानी है या अन्य व्यवस्थाएं करनी है, इसके लिए मार्गों का मौका मुआयना भी किया जा रहा है। - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बरेली हाई-वे पर 2035 तक होगी टोल वसूली, 7000 'पास'
