Jalaun Accident: बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जालौन में हुआ हादसा।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जालौन में हादसा हुआ। यहां आगे खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई।
जालौन, अमृत विचार। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां पर खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक की केबिन के परखच्चे उड़ गए, जिसमें फंसकर चालक व क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना भेजी।
रविवार को तड़के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के 223.4 किमी के पास एक ट्रक खड़ा हुआ था। उसी दौरान चित्रकूट से डस्ट लादकर इटावा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक की नजर चूक गई और जब तक वह कंट्रोल करता तब तक जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डस्ट लदे ट्रक की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक शेखन हुसैन पुत्र खलील उम्र 28 वर्ष एवं क्लीनर मानसिंह पुत्र मुन्ना लाल उम्र 25 वर्ष दोनों ही ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए। राहगीरों ने घटना की सूचना कुठौंद पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग से कटर से केबिन को कटवाकर राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया वहीं दूसरी तरफ जिस खड़े ट्रक में टक्कर लगी थी उसका चालक ट्रक लेकर भाग गया पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कुठौंद थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी ने केबिन की जांच की। शवों की तलाशी में मिले कागजातों से पता चला कि चालक व क्लीजर दोनों ही हरदोई जनपद के पिहानी थाना के जादपुर गांव के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर खड़े मौरंग से भरे ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर हटवा कर यातायात बहाल कराया गया।
