शासन से शासक और सुशासन से बनती है शख्सियत: मुख्तार अब्बास नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले, 2024 में विपक्ष को लगेगा 440 वोल्ट का झटका
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि अभी तो गठबंधन की गठरी में 40 साल का झोल दिखा है, वर्ष 2024 में 440 वोल्ट का झटका दिखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम की गिनती ने विपक्ष का गणित बिगाड़ दिया है, विपक्ष न उन्हें अकेले हरा सकता है, न अखाड़े में गिरा सकता है।
शंकरपुर स्थित अपने आवास पर सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस बीच पत्रकारों द्वारा विपक्षी एकता और महाराष्ट्र घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस और विपक्ष का "हिट एन्ड रन का हठ, हिट विकेट की हैट्रिक के साथ वर्ष 2024 के चुनावी मैदान में भी चारों खाने चित होगा। कामन सिविल कोड पर कांग्रेस और कुछ विपक्ष के "अंतर्विरोध" का उनके ही सदस्य "अन्तरात्मा की आवाज से अंत" करेंगे। इससे पहले कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि यह समावेशी, संवैधानिक सुधार किसी मजहबी आस्था पर अतिक्रमण नहीं बल्कि मानवीय मूल्यों की सुरक्षा, सशक्तिकरण सुनिश्चित करेगा।
समावेशी सुधार पर सांप्रदायिक वार के पीछे समाज में बिखराव, टकराव की साम्प्रदायिक साजिश है। सात दशकों से "कम्युनल कारीगरों की क्रिमिनल करतूत से कारागार में कैद" कॉमन सिविल कोड की रिहाई का यही समय है, सही समय है। "शासन से शासक और सुशासन से शख्सियत बनती है", इस बात को मोदी ने साबित किया है। पॉलिसी पैरालैसिस की परंपरा" को मोदी ने "रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म के परिणाम" से खत्म किया है। मोदी "साम्प्रदायिक वोटों की ठेकेदारी" को "समावेशी विकास की हिस्सेदारी" से ध्वस्त कर धर्म, जाति, क्षेत्र की "संकीर्ण सियासी संस्कृति" को हाशिए पर लाए हैं।
कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष सुशासन, समृद्धि और समावेशी सशक्तिकरण से भरपूर है , कार्यकर्ता काम सरकार द्वारा कराए गए कार्यो के साथ लोगों के बीच में जाएं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राकेश मिश्रा, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्या राजीव मांगलिक, खलील अहमद, रियासत अली, वसीम खान, सोनू लोधी, आकिल, बशीर अहमद, संजय चंद्रा, समर सिंह चौहान, महा सिंह राजपूत, योगेंद्र चौहान, राजकुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: नागर विमानन महानिदेशालय से मंजूरी मिलते ही मुरादाबाद हवाई अड्डे से शुरू होंगी उड़ानें
