संभल: बारिश में नहाते समय नाले में डूबकर मासूम की मौत
संभल, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र में बरसात में नहाते समय चार वर्षीया बच्ची नाले में गिर गई। पानी में डूबकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव लहरा कमंगर निवासी पिंटू की चार वर्षीया पुत्री अनवी मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे के करीब बारिश में मोहल्ले के बच्चों के साथ नहा रही थी। घर के पास ही नाला है। इसमें बरसात का पानी बह रहा था।
नहाते हुए सभी बच्चे नाले के पास पहुंच गए। इस दौरान अचानक अनवी खुले नाले में गिरकर पानी में डूब गई। यह देख बच्चे शोर मचाते हुए अनवी के घर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और नाले में तलाश कर अनवी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्ची के सिर में चोट का निशान था।
ये भी पढ़ें:- संभल: इंटर के छात्र ने फंदे से लटक कर दी जान, मौत की वजह साफ नहीं
