Chitrakoot News: तीन वाहनों से 115 झाल तेंदूपत्ते बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
चित्रकूट में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चित्रकूट में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से तीन वाहनों से 115 झाल तेंदूपत्ते बरामद हुए।
चित्रकूट, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने तेंदूपत्तों से लदे तीन पिकअप वाहनों के साथ चार लोगों को दबोचा है। बरामद तेंदू पत्ता की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई है।
गौरतलब है कि जिले में बीड़ी बनाने में प्रयुक्त किए जाने वाले तेंदू पत्ता की कालाबाजारी के संबंध में आयेदिन कोई न कोई बात सामने आती है। मंगलवार रात मानिकपुर थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध रूप से बिकने के लिए कई वाहनों में तेंदू पत्ता ले जाया जा रहा है। इस पर एसओ ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ रेलवे झरी फाटक पर रात लगभग तीन बजे प्रयागराज की ओर जा रही तीन पिकअप को पकड़ा। इनसे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इन्होंने अपने नाम ओमप्रकाश पुत्र जोडवान प्रसाद निवासी नांदिन, राजेंद्र पुत्र चुन्ना निवासी सुखरामपुर, धीरू पुत्र कामता प्रसाद निवासी राजापुर और राजू पुत्र हीरालाल निवासी हनुवा बताए। वाहन से 115 झाल में तेंदूपत्ते बरामद हुए। पुलिस को इन्होंने बताया कि वे इनको बेचने प्रयागराज जा रहे थे।
सीओ राजकमल ने बताया कि बरामद पत्तों की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय, कांस्टेबिल शकीर अली, विमलेश शामिल रहे।
