हरदोई : बेगारी करा रहे हेड मास्टर ने छात्र को जड़ा थप्पड़
प्राथमिक विद्यालय भीठी नेवादा के हेड मास्टर की हिटलरशाही
पिहानी/ हरदोई, अमृत विचार। गर्मी की छुट्टियां खत्म होते ही स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है। लेकिन इस बीच चौंकाने वाली बात सामने आई है कि हेड मास्टर एक छात्र से अपने ऊपर पंखा झलवा रहे थे। छात्र थक गया और उसका हाथ रुक गया, बस इसी बात पर हेड मास्टर का हाथ उठ गया और उन्होंने उस छात्र के थप्पड़ जड़ दिया। मामला ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भीठी नेवादा का बताया गया है। इस बारे में बीईओ रतन लाल का कहना है कि उन्हें ऐसा कुछ पता चला है। इस मामले में नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि 3 जुलाई से सूबे के सभी परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है। इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया,जिसे सुन कर हर कोई हैरान हो गया। दरअसल मामला ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भीठी नेवादा का है। वहां के हेड मास्टर अशोक कुमार मौर्य के ऊपर आरोप है कि वे कक्षा चार के छात्र के हाथों से अपने ऊपर पंखा झलवा रहे थे। पंखा झलते-झलते छात्र थक गया और उसके हाथ रुक गए,बस फिर क्या था,छात्र के हाथ रुकते ही हेड मास्टर का हाथ उठ गया और उन्होंने छात्र के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया।
छात्र रितेश काफी देर तक रोता रहा और इस बारे में अपने घर वालों को बताया। हेड मास्टर की इस हिटलरी से छात्र के घर वालों में काफी गुस्सा है। इस बारे में बीईओ रतन लाल ने बताया मामला सामने आया है,इस बारे में नोटिस जारी की जाएगी और जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : AIMPLB करेगा UCC का विरोध, बैठक कर बनाई रणनीति
