संभल : हड्डी गोदामों पर छापे, 14 पर एफआईआर... अधिकारियों ने ईओ से मांगी रिपोर्ट
अधिकारियों के निर्देश पर पालिका के सफाई नायकों ने दर्ज कराई एफआईआर
संभल, अमृत विचार। सरायतरीन में हड्डी के अवैध कारोबार की शिकायत पर पुलिस प्रशासन ने कई गोदामों पर छापे मारे तो यहां हड्डी का बड़ा स्टाक मिला। नालियों और सड़कों पर भी कीड़े रेंगने व दुर्गंध से लोगों को दिक्कत हो रही है। इस मामले में पालिका के सफाई नायकों की तरफ से 14 कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सरायतरीन के कई मोहल्लों में हड्डी का कारोबार होता है। यहां दो दर्जन से अधिक हड्डी गोदाम अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। बुधवार को प्रशासन को इसकी शिकायत मिली। हड्डियों से प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को दिक्कत हो रही है। एसडीएम सुनील कुमार त्रिवेदी, सीओ जितेंद्र सरगम, ईओ नगर पालिका रामपाल सिंह, कोतवाल हयातनगर कर्म सिंह पाल पुलिस बल के साथ मोहल्ला भूड़ा पहुंचे।
अधिकारियों ने हड्डी और सींग के कारोबार की पड़ताल की। कई गोदामों में हड्डी के बड़े स्टाक की जांच की। एक गोदाम फ्रोजन मीट फैक्ट्री मालिक के भाई का होना बताया गया। इस मामले में अधिकारी कड़ी कार्रवाई की बात कह कर चले गए। देर शाम पालिका के सफाई नायकों की तरफ से दी गई तहरीर के आधा पर 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है उनमें बसपा नेता व फ्रोजन मीट फैक्ट्री मालिक के भाई का नाम भी शामिल है। हयातनगर थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि सफाई नायकों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें:- संभल: बाल पकड़कर दीवार में मारा सिर... स्केल से किया हमला, कोतवाली में पति से विवाद पर भड़की ने की महिला सिपाही की पिटाई
