रायबरेली: समीर बनकर किया प्यार, शादी के बाद निकला वसीम, अब बना रहा धर्मांतरण का दबाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। जिले में लव जिहाद का एक और मामला सामने आया है। टीवी बनाने वाले मकैनिक ने समीर प्रताप सिंह बनकर एक लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया। काफी जद्दोजहद के बाद जब उसने शादी की, तब लड़की को पता चला कि वह मोहम्मद वसीम है। इसके बावजूद लड़की ने समझौता कर लिया। अब जब उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा है और प्रताड़ित किया जा रहा है तो, उसके सब्र का पैमाना छलक गया है। 

पीड़िता ने  अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला शहर के राना नगर मोहल्ले का है ।यहां की रहने वाली पीड़िता का कहना है कि उसके घर में अक्सर टीवी ठीक करने एक मैकेनिक आता था। उसने अपना नाम समीर प्रताप सिंह बताया। उसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई तो उसने पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। 

पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो काफी दिन मामला टलता रहा। काफी जद्दोजहद के बाद आरोपी ने अपने परिजनों के समक्ष उसके साथ शादी कर ली। शादी के बाद जब पीड़िता ससुराल पहुंची तब उसे पता चला कि उसका पति मोहम्मद वसीम है। इसके बाद उसके पांव के नीचे की जमीन खिसक गई। हालात ऐसे बने हुए थे कि पीड़िता को समझौता करना पड़ा और वह उसके साथ रहने लगी। इस समय पीड़िता का एक सात साल का बेटा है।  

पीड़िता का कहना है कि अब  उसे जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। जिसके लिए उसे तरह-तरह से मारा-पीटा जाता है। पीड़िता का यह भी कहना है कि उसकी शादी से पहले युवक का विवाह हो चुका था। उसकी एक पत्नी भी है और 10 साल का बेटा भी है। अब पूरा परिवार मिलकर उसे धर्म परिवर्तन के लिए तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहा है। 

जिसके बाद पीड़िता के सब्र का पैमाना छलक गया है। पीड़िता ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले में जांच और कार्यवाही की मांग की है। शहर  कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्रकरण में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच उपरांत जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।

कई महिलाओं से संबंध रखने का आरोप
लव जिहाद का शिकार हुई पीड़िता का कहना है कि उसके पति के कई औरतों से नाजायज संबंध है ।जिनसे वह अक्सर बातें करता रहता है और उन महिलाओं से उसका मेलजोल भी रहता है। शिकायती पत्र में पीड़िता ने उल्लेख किया है कि उसके साथ छल कपट धोखा करके उसकी जिंदगी बर्बाद की गई है। उसका कहना है कि वह हिंदू बनकर सनातन परंपरा के अनुसार रहना चाहती है, किंतु उसे जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें -गोरखपुर को मिलेगी 'वंदे भारत' की सौगात, दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर PM मोदी करेंगे रवाना

संबंधित समाचार