रायबरेली: घर में अकेली रह रही महिला की करंट की चपेट में आने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खीरों, रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव डुमटहर में गुरुवार को देर रात पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक विधवा महिला की मौत हो गई। घटना के काफी बाद  ग्रामीणों को जानकारी हुई है। इसके बाद ग्रामीणों ने रोजी रोटी कमाने के लिए सोनीपत हरियाणा गए मृतका के इकलौते बेटे को जानकारी दी। शुक्रवार को सुबह घर पहुंचने पर बेटे ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
       
डुमटहर निवासी सूरज कुमार ने बताया कि वह सोनीपत हरियाणा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी मां रामादेवी (46) पत्नी स्व० शिवप्रसाद घर में अकेली रहती थी। गुरुवार की शाम को उसकी मां खेतों से काम करके घर वापस पहुंची और देर रात भोजन करने के बाद लेटने की तैयारी करने लगी।

इसी दौरान फर्राटा पंखा को पकड़कर उसे अपनी दिशा में घुमाने लगी। तभी पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। देर रात घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने घटना की सूचना सोनीपत हरियाणा में सूरज को दी। 

शुक्रवार को सुबह सूरज घर पहुंचा तो उसकी मां रामादेवी घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूरज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि मृतका के बेटे की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Mission 2024: पीएम मोदी का वाराणसी दौरा आज, देंगे 12000 करोड़ की सौगात

संबंधित समाचार