Kanpur Accident: दो जगह हादसों से सड़कें खून से हुई लाल, तीन की मौत, अपनों को खोकर परिजनों के नहीं थम रहे आंसू
कानपुर में दो जगह हुए हादसों में तीन की मौत।
कानपुर के चकेरी और घाटमपुर थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के चकेरी और घाटमपुर थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में युवक-युवती समेत तीन की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। उधर, जानकारी पाकर पहुंचे परिजन अपनों के शव बिलख पड़े।
पहला हादसा :
डीसीएम को टक्कर मार पलटा ट्रक, एक की मौत पांच घायल
चकेरी थानाक्षेत्र के कोयला नगर फ्लाईओवर पर गुरुवार रात करीब 12 बजे के आसपास तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में दबने से बाइक सवार एक की मौत हो गई। वहीं एक बाइक चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से ट्रक को उठवाकर दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना से हाईवे पर जाम लग गया।
कूपा खुर्द शाहदाबाद हाथरस निवासी 25 वर्षीय योगेश डीसीएम चालक हैं। उनके अनुसार गुरुवार रात को वह डीसीएम से बैंक का सामान लेकर गुजरात से लखनऊ जाने के लिए निकले थे। जहां उन्हें डीसीएम अनलोड करना था। जिससे माल उतारने के लिए कानपुर से मीरपुर निवासी वसीम 50 वर्षीय, बेगमपुरवा निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद इसरार उर्फ गुड्डू और ठेकेदार जूही निवासी 55 वर्षीय राजा पांडेय पहुंचे थे।
तभी पीछे से आलू और प्याज लादकर आ रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने डीसीएम में पीछे से टक्कर मार दी। फिर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ये चारों घायल हो गए। वहीं, यह ट्रक आधा फ्लाई ओवर से लटक गया। उसमें लदे बोरे भी सर्विस लेन पर गिरने लगे। उसी समय पनकी स्थित एक बिस्कुट फ़ैक्ट्री से काम करके लौट रहे सनिगवां निवासी दीपक कुशवाहा और बंगाली कालोनी सफीपुर द्वितीय निवासी शिवम सोनवानी (17) पुत्र राजकुमार बाइक समेत ट्रक ने नीचे दब गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो ट्रक के नीचे से निकलवाया। फिर सभी को कांशीराम अस्पताल भेजा। जहां पर शिवम को मृत घोषित कर दिया गया। शिवम के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। इस घटना से फ्लाई ओवर पर जाम बढ़ गया। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को किनारे करवाकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित होकर डीसीएम में टक्कर मार पलट गया था। जिससे एक की मौत हो गई है। मृतक के परिजनों को सूचित कर कार्रवाई की जा रही है।
नागपंचमी पर खो चुके छोटा बेटा
मृतक शिवम सोनवानी (17) की मां प्रेमा ने बताया कि उनके छोटे सत्यम (9) की बीते वर्ष छत से गिरकर मौत हो गई थी। अब शिवम के एक्सडेंट की खबर सुनकर बची दो बेटियों नेहा और रोशनी के साथ मौके पर पहुंची। जहां से उन्हें कांशीराम अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद वह कांशीराम अस्पताल पहुंचीं। जहां वह समझी कि शिवम का उपचार चल रहा है। लेकिन, जब कुछ देर बाद पता चला कि बेटे शिवम की मौत हो गई। वे बेटियों से लिपट कर फूट फूट कर रोने लगी। बोली कि आखिर भगवान ने मेरा सबकुछ छीन लिया।
दूसरा हादसा :
लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत
घाटमपुर थानाक्षेत्र के पतारा चौकी क्षेत्र के इंडियन पेट्रोल पंप के सामने डाक पार्सल की लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद कानपुर-सागर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हादसे से नाराज लोग मौके पर हंगामा करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
.jpg)
