रायबरेली: ट्यूबवेल का पानी पीने पर दलित बालक को पीटा-पीटकर किया अधमरा, पुलिस ने पीड़ित को थाने से भगाया
बेटे को बचाने दौड़ी मां को भी दबंग ने पीटा, पुलिस ने पीड़ित को थाने से भगाया
रायबरेली/अमृत विचार। खीरों थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय एक दलित बालक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। ट्यूबवेल में पानी पीने पर दबंग युवक ने बालक को खेत में उठा-उठाकर पटका। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास में ही धान की रोपाई कर रही मां बचाने दौड़ी तो दबंग ने उसे नहीं छोड़ा। जाति सूचक गालियां देकर उसे भी पीटा। पीड़ित महिला अपने बेटे को लेकर थाने पहुंची तो वहां भी दबंग ने थाने के भीतर उसे गालियां दी।
खीरों पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय पीड़िता को भगा दिया। थाने में शिकायत करने से खफा दबंग महिला के घर आ धमका। दबंग युवक घर के भीतर से बेटे को घसीट कर बाहर ले गया और सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने पीटने की बात स्वीकारी। यही नहीं उसने गोली मारने की धमकी दी। मौके पर एकत्र हुए लोगों में से किसी ने युवक की धमकी और गालियों के रिकॉर्डिंग भी कर ली है। रिकॉर्डिंग सुनने के बाद भी खीरों पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र का है। यहां के बैसनखेड़ा मजरे पाहो निवासी राजेंद्र पासी का 12 साल का लड़का संजू बच्चन सिंह के ट्यूबेल में पानी पीने चला गया। पानी पीकर संजू जैसे ही वापस आने लगा कि बच्चन सिंह के परिवार के शुभम सिंह उर्फ गोलू पुत्र जयवीर सिंह उर्फ कुक्कू आ गए और उसे मां-बहन की जातिसूचक गालियां देते हुए कहा कि मेरे ट्यूबवेल में पानी पीने की हिम्मत कैसे हुई?
शुभम सिंह संजू की बेरहमी से पिटाई करने लगे। पास में ही संजू की मां गोमती खेतों में धान की रोपाई कर रही थी, बेटे की चीख-पुकार सुनकर वह उसे बचाने दौड़ी। शुभम सिंह उन्हें भी जातिसूचक गालियां दी और कहा कि तुम लोगों की इतनी औकात कैसे हो गई यह हमारे ट्यूबवेल में पानी पी लिया। बेटे को बचाने के लिए गोमती ने हाथ-पैर जोड़ें लेकिन फिर भी शुभम सिंह उसे पीटते रहे, उन्होंने बीच-बचाव के दौरान मां को भी पीटा।
गोमती मामले की शिकायत लेकर खीरों थाने पहुंच गईं। अपना रुतबा और प्रभाव दिखाने के लिए शुभम सिंह भी पीछे से थाने आ गए। थाने में शुभम ने महिला को फिर गालियां दी और सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी। थानाध्यक्ष ने भी महिला की सुनवाई करने के बजाए उसे भगा दिया। थाने से महिला घर आई तो दबंग शुभम सिंह उसके घर भी पहुंच गया और उसके बेटे को घर से घसीटते हुए बाहर लाया। तमाम लोगों की मौजूदगी में उसने न केवल पीटने की बात स्वीकारी बल्कि गंदी गंदी गालियां देते हुए कहा कि गोली मारकर कबूतर बना दूंगा।
मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने इसकी रिकॉर्डिंग भी कर ली है। इस रिकॉर्डिंग में शुभम सिंह स्पष्ट रूप से बालक को पीटने की बात स्वीकार कर रहे हैं और गालियां देते हुए गोली मारने के लिए भी कह रहे हैं। खीरों पुलिस महिला को न्याय देने के बजाय उसे डरा-धमका कर सुलह करवाने पर उतारू है। पीड़ित महिला अपने बेटे के साथ शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और रो-रोकर अपनी दास्तान बताई। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने मामले में क्षेत्राधिकारी लालगंज को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विश्व दलित परिषद ने की निंदा
विश्व दलित परिषद के अध्यक्ष राजेश कुरील इस मामले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्या 12 साल के बच्चे का दलित होकर ट्यूबवेल में पानी पी लेना गुनाह था, जो दबंग युवक ने उसकी पिटाई की है। उन्होंने कहा कि विश्व दलित परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करता है और पुलिस अधीक्षक से मांग करता है कि मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जाए। श्री कुरील ने कहा कि यदि मामला दर्ज नहीं किया गया तो सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में लोग विश्व दलित परिषद धरना- प्रदर्शन करेंगे।
ये भी पढ़ें - Azamgarh News : आईजीआरएस पर मिली शिकायतों के निवारण की रैकिंग जारी, आजमगढ़ 11वें स्थान पर
