बरेली: ट्रांसफार्मर की फेंसिंग में उतरे करंट ने ली छात्रा की जान, किला पुलिस चौकी के पास स्कूल जाते समय हुआ हादसा
कीचड़ में पैर फिसलने पर गिरने से बचने के लिए की थी फेंसिंग पकड़ने की कोशिश
बरेली, अमृत विचार : बिजली विभाग की लापरवाही ने शुक्रवार को बारिश के दौरान 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा लक्ष्मी की जान ले ली। सुबह स्कूल जा रही लक्ष्मी पानी भरी सड़क पर पैर फिसलने के बाद पास लगे ट्रांसफार्म की फेंसिंग पर हाथ पड़ते ही करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे आ रही उसकी दो सहेलियां भी बाल-बाल बच गईं।
मठ लक्ष्मीपुर में रहने वाले मोहन स्वरूप की 17 वर्षीया बेटी लक्ष्मी किला के द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह वह मोहल्ले की ही सातवीं में पढ़ने वाली कंचन और कल्पना के साथ कॉलेज जा रही थी।
किला पुलिस चौकी के पास लगे ट्रांसफार्मर के पास पानी भरी सड़क पर लक्ष्मी का पैर फिसल गया। गिरने से बचने के लिए उसने ट्रांसफार्मर की फेंसिंग पकड़ा जिसमें दौड़ रहे करंट से उसकी मौत हो गई। कंचन और कल्पना भी बाल-बाल बच गईं।
ये भी पढ़ें - बरेली: कांफ्रेंस हॉल में शुरू हुई नई एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम
