शाहजहांपुर: सभापति समेत सहकारिता विभाग के 199 प्रतिनिधियों ने ली शपथ
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिला सहकारी बैंक, जिला सहकारी संघ एवं केंद्रीय उपभोक्ता भंडार की 14 सदस्यीय प्रबंध समिति समेत 36 सहकारी संघ और 115 समितियों (पैक्स) के सभापतियों को शनिवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
जिला सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर (डीपी सिंह) को डीएम ने शपथ दिलाई, इसके बाद सभापति डीपी सिंह और बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने समिति व संघ के सभापतियों को शपथ दिलायी।
गांधी भवन प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र में चल रहीं योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और इस धन का सदुपयोग होगा, इसकी गारंटी भी वह लेते हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग में विगत छह वर्षों में खेती-किसानी से लेकर आमजन तक कार्य गुणात्मक वृद्धि के साथ किए जा रहे हैं। किसानों को खाद और बीज समय से उपलब्ध कराया जा रहा है, इससे सहकारिता दिनोंदिन समृद्ध होती जा रही है। कहा: सहकारिता विभाग अगले 25 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य पूरा करने में सहयोग करे।
सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने जिस दूरदर्शिता के साथ सहकारिता को मजबूत बनाने का काम किया है, वह अद्वितीय है। उनके प्रयास से ही देश का किसान समृद्धि के रास्ते पर चल पड़ा है।
डीएम उमेश प्रताप सिंह कहा कि सहकार से समृद्धि के विजन को साकार करने के लिए सहकारिता विभाग प्रयत्नशील है। वर्ष 1951 से सहकारिता का आंदोलन चल रहा है। समृद्धि के इस आंदोलन से गरीबों और किसानों का उत्थान हो रहा है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभापति डीपी सिंह ने कहा कि समितियों के सभी सभापति अपने में सेवाभाव पैदा करें, जिससे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के सपनों का भारत आगे बढ़ सके। हमें जो भी दायित्व मिले हैं, उनका निष्ठापूर्वक निर्वहन करना बड़ी चुनौती जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि पहली बार जब उन्हें सभापति की जिम्मेदारी मिली थी, जब बैंक दो करोड़ के घाटे में थी, आज एक करोड़ के मुनाफे पर चल रही है। सहकारिता मजबूत करने के लिए सरकार की नीतियों को गांव-गांव पहुंचाना होगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और सभापति डीपी सिंह का भारीभरकम फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। अंशुल सिंह चौहान के संचालन में हुए समारोह में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रवीण कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
समारोह में पुवायां विधायक चेतराम पासी, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, मेयर अर्चना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण चंद्र मिश्र, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ एसबी सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, पैक्सफेड उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह बॉबी, जिला सहकारी संघ सभापति रमाकांत मिश्रा, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार सभापति मुकेश राठौर, बैंक उपाध्यक्ष अजय प्रजापति, समेत पार्टी के अनिल सिंह कमांडो, पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र नाथ बाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नरायन मिश्रा, संचालक कृष्ण कुमार वर्मा, खुशबू गुप्ता, पूनम मिश्रा, रोशनी देवी, रोशनी भूपेंद्र सिंह, अनुराग कथेरिया, संदीप गंगवार, दिव्यांश कोविद सिंह, अंशुमन मैसी, ब्लॉक प्रमुख नमित दीक्षित, प्रियांशु रघुवंशी, सुरजन लाल, भानु सिंह, राजीव कश्यप समेत बड़ी संख्या में विशिष्टजन मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर और बरेली सीमा पर कावड़ियों को नहीं होगी परेशानी
