BANW vs INDW 1st T20 : बांग्लादेश पर भारत की आसान जीत, हरमनप्रीत कौर ने जड़ा अर्धशतक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरपुर। कप्तान हरमनप्रीत कौर (54 नाबाद) के अर्द्धशतक और स्मृति मंधाना (38) के साथ उनकी 70 रन की साझेदारी की बदौलत भारत ने पहले महिला टी20 में रविवार को बंगलादेश पर सात विकेट की आसान जीत दर्ज की। बांग्लादेश ने भारत के सामने 115 रन का मामूली लक्ष्य रखा, जिसे हरमनप्रीत की टीम ने तीन विकेट गंवाकर 16.2 ओवर में हासिल कर लिया। हरमनप्रीत ने इस एकतरफा जीत में 35 गेंद पर दो छक्कों और छह चौकों की सहायता से नाबाद 54 रन बनाते हुए मंधाना के साथ तीसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी की। मंधाना लक्ष्य तक पहुंचने से पहले आउट हो गईं, लेकिन हरमनप्रीत ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। 


भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया और रनों पर लगाम कसते हुए पावरप्ले में शमीमा सुल्तान (13 गेंद, 17 रन) का विकेट निकाला। शुरुआती चार ओवरों में मात्र 16 रन बनने के बाद शमीमा ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं मिन्नू मणि को एक छक्का और एक चौका लगाया, लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर वह जेमिमा रॉड्रिग्स को कैच देकर पवेलियन लौट गयीं। पावरप्ले के बाद साथी रानी ने सातवें ओवर में अमनजोत कौर को तीन चौके लगाकर रनगति बढ़ाना चाही लेकिन वह भी आउट होने से पहले 26 गेंद पर 22 रन ही बना सकीं।

बांग्लादेशकी पारी में बड़ी साझेदारियां न होना उनकी सबसे बड़ी समस्या रही। कप्तान निगार सुल्तान सात गेंद पर दो रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शोर्ना अख्तर के साथ चौथे विकेट के लिये 21 रन जोड़ने के बाद शोभना मोस्तरी भी रनआउट हो गयीं। शोभना ने 33 गेंदें खेलीं लेकिन वह दो चौकों की मदद से 23 रन ही बना सकीं। शोर्ना ने अंततः रितु मोनी के साथ पांचवें विकेट के लिये 33 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रितु (13 गेंद, 11 रन) आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर रनआउट हो गयीं, जबकि शोर्ना 28 गेंद पर दो छक्कों की सहायता से 28 रन बनाकर नाबाद रहीं। मिन्नू ने तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि पूजा वस्त्राकर (चार ओवर, 16 रन) और शेफाली वर्मा (तीन ओवर, 18 रन) को भी एक-एक विकेट हासिल हुआ।


भारतीय महिला टीम को मिला 115 रनों का लक्ष्य 
भारतीय टीम की अच्छी गेंदबाजी से बांग्लादेश की टीम पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद पांच विकेट पर 114 रन ही बना सकी। धीमी बल्लेबाजी के कारण मेजबान टीम की कोई भी खिलाड़ी 30 रन के स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। उसके लिए शोर्ना अख्तर नाबाद 28 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा शोभना मोस्त्री ने 23 और शाथी रानी ने 22 रन का योगदान दिया। भारत के लिए पूजा वस्त्राकर और शेफाली वर्मा ने एक एक विकेट लिया जबकि पदार्पण कर रही मीनू मणी ने पहला विकेट हासिल किया। 

 

भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का किया फैसला

भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ पहले महिला टी2 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बायें हाथ की स्पिनर अनुषा बारेड्डी के अलावा मीनू मणी अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करेंगी। भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेला जा रहा है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत: शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्टिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, अमनजोत कौर, अनुषा बरेड्डी, मिन्नू मणि

बांग्लादेश : निगर सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), सलमा खातून, शमीमा सुल्ताना, नाहिदा अख्तर, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, मारुफा अख्तर, शोभना मोस्टोरी, शाथी रानी, ​​सुल्ताना खातून, राबेया खान

ये भी पढ़ें : Canada Open : लक्ष्य सेन फाइनल में, PV Sindhu सेमीफाइनल में यामागुची से हारीं 

संबंधित समाचार