रायबरेली: सिल्ट उठाते समय खोद डाली नहर की पटरी, खेतों में भर पानी, धान को रोपाई हुई बाधित
जगतपुर, रायबरेली, अमृत विचार। नहर विभाग के अधिकारियों की मनमानी किसानों को भुगतना पड़ रही है। दो माह पूर्व जगतपुर रजबहा के सिल्ट उठान का टेंडर दिया गया था। ठेकेदारों ने मनमाने तरीके से सिल्ट उठाकर पटरी काट डाली थी। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। धान की रोपाई के समय रजबहा में खांदी हो गई। 12 घंटा बीत रहे हैं। लेकिन किसी भी विभागीय अधिकारी ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया।
शनिवार को जगतपुर रजबहा डम्मर के पुरवा के पास दाहिनी पटरी में खांदी हो गई। जिससे हजारों बीघा खेत में पानी भर गया। जबकि आगे धान की रोपाई कर रहे किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंच रहा है। 12 घंटा बीत जाने के बाद भी नहर विभाग के अधिकारी मामले से अनजान बने हुए हैं।
किसान शेषनारायण शुक्ल, राधेश्याम, विजय कुमार, शंकर, रंजीत ,चंदन आज लोगों का कहना है कि नहर में खांदी हो गई है। रविवार को रोपाई के लिए मजदूर किए गए थे। लेकिन पानी अधिक होने से धान की रोपाई बाधित हो गई है। जिसको लेकर किसानों ने नाराजगी जताई है। लेकिन नहर विभाग के अधिकारी अभी तक पूरे मामले से अनजान बने हुए हैं।
2 माह पूर्व इसी नहर की पटरी की सिल्ट उठान का टेंडर अधिशासी अभियंता के एक करीबी ठेकेदार को किया गया था ।जिसमें ठेकेदार द्वारा जमकर मनमानी की गई थी। सिल्ट उठाने के चक्कर में ठेकेदार ने पटरी की सभी सिल्ट उठा ली थी। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। हालाकि शिकायत के बावजूद भी नहर विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया था।जब इस बाबत नहर विभाग के एसडीओ सौरभ चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिली हैं।
ये भी पढ़ें -लापरवाही : छप्पर के नीचे गुजार दिए 18 साल, आज भी नसीब नहीं हुआ आवास
