Farrukhabad News: 400 गांवों की 24 घंटे से बिजली गुल, अंधेरे में रहने को मजबूर लोग, छाया बिजली संकट
फर्रुखाबाद में बिजली नहीं आने से लोग परेशान।
फर्रुखाबाद में 400 गांवों की 24 घंटे से बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से ग्रामीणों के सामने बिजली संकट छाया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। उपकेंद्र के पास व 33 हजार केवी लाइन के पोलों पर गिरी आकाशीय बिजली ने शहर के 40 मोहल्ला और 630 गांवों में अंधेरा कर दिया। बिजली ठप होने से लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हो गए। शहर के 40 मोहल्लों की रात में और 180 गांवों की बिजली 24 घंटे बाद चालू हो गई, लेकिन चार सौ गांवों की दूसरे दिन देर शाम तक बिजली ठप रही है। इससे कसबा और गांव में पानी संकट पैदा हो गया। हैंडपंप से लोगों को पानी भरना पड़ा। गर्मी से निजात के लिए लोग हाथ वाला पंखा हिलाते नजर आए।
शनिवार शाम करीब चार बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरु होते ही उपकेंद्रों को बंद कर दिया गया था। तभी फतेहगढ़ में कुटरा उपकेंद्र के पास, कमालगंज क्षेत्र में 33 हजार केवी लाइन के सात-आठ पोल और नवाबगंज कसबा क्षेत्र में पोल पर बिजली गिरी। इससे कुटरा, जसमई, कमालगंज व नवाबगंज उपकेंद्रों की लाइनों में फाल्ट आ गया। इससे कमालगंज क्षेत्र के 400 गांव, नवाबगंज उपकेंद्र से 180 गांव, कुटरा उपकेंद्र से 22 मोहल्ला और जसमई उपकेंद्र से 50 गांव व शहर के 18 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई थी।
बारिश थमने के बाद बिजली चालू करने के लिए फाल्टों को खोज कर ठीक करने का काम संविदा कर्मियों ने शुरु किया। कुटरा उपकेंद्र पर लगे पांच एमवीए ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग कराई गई। जिसमें ट्रांसफार्मर सही निकलने पर रात एक बजे 22 मोहल्लों की बिजली चालू कर दी गई। जसमई उपकेंद्र के शहरी फीडर को रात में चालू कर 18 मोहल्लों को बिजली दी गई, लेकिन ग्रामीण फीडर की 11 हजार केवी लाइन के फाल्ट ठीक न होने के कारण 50 गांवों की रात भर बिजली बंद रही।
रविवार सुबह संविदा कर्मचारियों ने फाल्टों को खोज कर ठीक किया। इसके बाद बिजली चालू कर दी गई। नवाबगंज क्षेत्र के कसबा में रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उसको रविवार को बदला गया। 11हजार केवी लाइनों के पोल पर लगे इंसूलेटर खराब होने पर उनको बदलने का काम पूरा होने पर 180 गांवों की बिजली 24 घंटे बाद चालू हो पाई। कमालगंज क्षेत्र में 33 हजार लाइन के छह पोल पर लगे इंसूलेटर आकाशीय बिजली गिरने से खराब हो गए। संविदा कर्मियों ने उनको खोज कर बदलने का काम किया।
इसके बाद उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग कराई गई। रेलवे क्रासिंग के पास 33 हजार केवी की अंडर ग्राउंड लाइन की टेस्टिंग काम हुआ। इस कारण कसबा कमालगंज और चार सौ गांवों की बिजली शनिवार शाम चार बजे से सोमवार देर शाम तक ठप रही। बिजली न आने से नगर पंचायत के नलकूप नहीं चले, जिससे पाइप लाइन से कसबा में पेयजल की आपूर्ति नहीं हुई। इससे पानी संकट पैदा हो गया।
गांवों में भी पानी संकट बना रहा। पंखा, कूलर बंद रहने से उमस भरी गर्मी में कसबा व गांव के लोग बेहाल रहे। हैंडपंप से लोगों को पानी भरना पड़ा और गर्मी से निजात पाने के लिए हाथ वाले पंखा का सहारा लेना पड़ा। एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गए थे। जिस कारण कमालगंज क्षेत्र की बिजली बंद रही है। फाल्ट ठीक हो गए, बिजली भी चालू कर दी गईहै।
