Kanpur Dehat: CHO पत्नी की तहरीर पर मजदूर पति पर केस दर्ज, SDM ज्योति मौर्य के बाद सुर्खियों में सीएचओ पत्नी का मामला
कानपुर देहात में सीएचओ पत्नी की तहरीर पर मजदूर पति पर केस दर्ज।
कानपुर देहात में सीएचओ पत्नी की तहरीर पर मजदूर पति पर केस दर्ज। एसडीएम ज्योति मौर्य के बाद सुर्खियों में सीएचओ पत्नी का मामला।
कानपुर देहात, अमृत विचार। एसडीएम ज्योति मौर्य के सफाई कर्मी पति के साथ न रहने का मामला सुर्खियों में आने के बाद रसूलाबाद क्षेत्र में भी इसी तरह का घटना होने में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पति के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। हालाकि उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
बताते चलें कि सीएचसी रसूलाबाद के नारखुर्द गांव में तैनात सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) पर मैथा गांव निवासी उसके पति ने गंभीर आरोप लगाते हुए सीओ से शिकायत की थी। जबकि सीएचओ ने सीओ कार्यालय जाते समय पति पर मारपीट का आरोप लगाया था। थाना प्रभारी ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद शनिवार शाम छोड़ दिया था।
मैथा गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा ने बताया कि उसने वर्ष 2017 में जनपद देवरिया निवासी सविता मौर्या से शादी की थी। जिसके बाद उसने पत्नी को बीएससी नर्सिंग का कोर्स मेहनत मजदूरी करके कराया और सीएचओ में नौकरी लगवाई। आरोप लगाया कि नौकरी लगने के बाद सीएचओ पत्नी उससे अलग रहने लगी। इस संबंध में शनिवार को उसने रसूलाबाद सीओ तनु उपाध्याय के यहां समझौता के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
इसी दौरान थाने पहुंची सीएचओ सविता मौर्या ने पति अर्जुन कुशवाहा पर सीओ कार्यालय जाते समय मारपीट का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने अर्जुन कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया।
थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि सविता मौर्य की तहरीर पर अर्जुन कुशवाहा के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर हिदायत के बाद छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला नर्सिंग का कोर्स शादी के पहले से ही कर रही थी। उसने पति के विरुद्ध महिला उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज न करने पर आत्महत्या कर लेने की धमकी भी दी थी। पति अर्जुन कुशवाहा ने तलाक का मुकदमा स्वयं डाला है।
