Kannauj Accident News: कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत।

कन्नौज में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत हो गई। एक्सप्रेस-वे अंडरपास पर रविवार की रात हादसा हुआ। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

कन्नौज, अमृत विचार। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के अंडरपास के पास रविवार की रात कंटेनर के नीचे आने से युवक की मौत हो गई। बताया गया कि युवक धीमी गति से जा रहे कंटेनर में चढ़ने का प्रयास कर रहा था कि परिचालक ने उसे धक्का दे दिया जिससे पहिया ऊपर से गुजर गया। काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान आधार कार्ड से करके परिजनों को सूचना दी गई। 

बताया जा रहा है कि रविवार की रात एक युवक आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के अंडरपास पर कन्नौज जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा था। एक कंटेनर आता दिखाई दिया जिस पर बैठने के लिए उसने हाथ दिया। ट्रक रुका तो नहीं लेकिन धीमा हो गया। इस पर युवक खिड़की पकड़कर लटक गया। अंदर जाने का प्रयास कर रहा था लेकिन परिचालक ने उसे बैठाने से मना कर दिया।

दोनों के बीच बहस के बाद परिचालक ने धक्का दे दिया। इससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रक का पिछला पहिया ऊपर से गुजर गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख चालक कंटेनर को तेज गति से भगा ले गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे के प्रयास के बाद आधार कार्ड से युवक की पहचान 40 वर्षीय राधाकृष्ण निवासी मतौली थाना सदर कोतवाली के रूप में की। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से परिजनों को जानकारी दी और शव को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की मॉर्चरी में रखवा दिया। तिर्वा कोतवाली प्रभारी संतोष कुशवाहा ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह तेजी से भाग गया। 

सदर कोतवाली के मतौली गांव निवासी परशुराम पुत्र पंचमलाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसका भाई राधाकृष्ण रविवार की देर रात घर आ रहा था। रतापुर्वा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। घायल को परिजन मेडिकल कालेज ले आए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

संबंधित समाचार