अमरोहा: वाहन ने कांवड़ियों को रौंदा, एक मौत, दो घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

समय पर एंबुलेंस न पहुंचने पर कांवड़ियों ने हाईवे पर किया हंगामा

अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात करीब एक बजे कांवड़ियों के जुगाड़ वाहन को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया। इलाज के दौरान सोमवार को इसकी मौत हो गई। जबकि घायल दो कांवड़ियों का उपचार किया जा रहा है।

मुरादाबाद के बलदेवपुरी निवासी सुरेश प्रजापति (40) पुत्र सुमेरीलाल अपने साथी भजनलाल (38) व एक अन्य साथी के साथ जुगाड़ वाहन से  ब्रजघाट से जल लेकर लौट रहे थे। जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वागत होटल के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनके वाहन में  टक्कर मार दी।

हादसे में सुरेश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे अन्य कांवड़ियों ने घायल सुरेश को हाईवे के डिवाइडर पर पड़ा देखा तो उन्होंने 108 नंबर पर काल कर एंबुलेंस बुलाई, लेकिन वह देरी से पहुंची। जिसके बाद कांवड़ियों ने पुलिस- प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे की दूसरी लाइन से गुजरने वाले वाहनों को रोककर जाम लगा दिया।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तभी एंबुलेंस न आने से नाराज कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों से नोकझोंक की।  पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों को समझाया और घायल को अपनी गाड़ी से ले जाकर गजरौला सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने घायल सुरेश को मुरादाबाद रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुरेश मुरादाबाद में ठेली से सीमेंट ढोने का काम करता था। 

उधर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि हाईवे पर कांवड़िए के घायल होने की सूचना मिली थी। जिसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया था। मृतक के परिजनों की तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अमरोहा: आम प्रदर्शनी में 10 से अधिक जिलों के उत्पादकों ने लिया हिस्सा

संबंधित समाचार