Hamirpur News: तालाब में मिला शव, आंखें व जीभ निकली थी बाहर, हत्या कर फेंके जाने की आशंका, जानें- पूरा मामला
हमीरपुर में टेढ़ा में तालाब में शव मिलने से फैली सनसनी।
हमीरपुर में टेढ़ा में तालाब में शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की आंखें व जीभ बाहर निकली होने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के टेढा गांव में तालाब में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की जीभ व आंखें बाहर निकली होने के चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
टेढा गांव निवासी राजकरन यादव का पुत्र रामनरेश (22) रविवार की शाम से लापता था। मंगलवार को सुबह गांव के बड़े तालाब में शव मिलने पर राजकरन मौके पर पहुंचकर कपड़ों से पहचान करते हुए अपने गायब पुत्र होने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला।
जिसे परिजनों ने कपड़ों के अलावा उसके कान के किल्ले से रामनरेश के रूप में शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता राजकरन ने बताया कि रविवार के दिन गांव निवासी मनीष खंगार पुत्र श्रीराम से उसके पुत्र का झगड़ा हुआ था और दोनों एक दूसरे को जमकर मारा पीटा था और उसी दिन शाम से उसका पुत्र गायब हो गया था।
शव की जीभ व आंखें बाहर निकली होने पर परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। मृतक अभी अविवाहित था। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
तालाब में मिले शव रामनरेश अपने पिता व भाई के साथ मिलकर खेती किसानी के काम में सहयोग करता था और कभी-कभी वह मजदूरी करने के लिए परदेस भी चला जाता था। पिता ने बताया कि वह करीब डेढ़ माह पहले परदेश से वापस आया था। मृतक चार भाई है। जिसमें राजू ट्रैक्टर चालक है। जबकि राजन खेती किसानी करता है। जिसमें रामनरेश भी सहयोग करता था। सबसे छोटा पुत्र सुनील परदेश में रहकर मजदूरी कर रहा है। मृतक अपने पीछे मां राजाबेटी, पिता राजकरन, बहन रजनी व स्वाति सहित तीनों भाइयों को रोता बिलखता छोड़ गया है। मृतक अभी अविवाहित था।
