बरेली: हो गया जानलेवा हमला और टहलाते रहे चौकी इंचार्ज
बरेली, अमृत विचार। महिलाओं से मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में सात दिन से टालमटोली कर रहे रूहेलखंड चौकी इंचार्ज की सीओ थर्ड ने जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बारादरी के आजाद नगर कालोनी निवासी हसीन मियां के घर से सटा उनका एक प्लाट …
बरेली, अमृत विचार। महिलाओं से मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में सात दिन से टालमटोली कर रहे रूहेलखंड चौकी इंचार्ज की सीओ थर्ड ने जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
बारादरी के आजाद नगर कालोनी निवासी हसीन मियां के घर से सटा उनका एक प्लाट खाली पड़ा है। इस प्लाट पर करीब 30 सालों से बिजली का टॉवर लगा था। सेटेलाइट पुल का निर्माण होने पर टॉवर हटा दिया गया। घेर जाफर खां निवासी शहीन मियां प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश करने लगा। करीब दो महीने पहले इसको लेकर विवाद हुआ। बाद में रूहेलखड़ चौकी में बैठकर समझौता हो गया।
आरोप है 25 अगस्त की रात करीब 11 बजे शाहीन मियां और उसका बेटा नादिश, शबाब मियां पांच-छह अज्ञात लोगों के साथ तमंचा और लाठी डंडे लेकर प्लाट की दीवार तोड़कर घर में घुस गए। हसीन मियां की बेटी और पत्नी पर हमला करने की कोशिश की।
घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंचाी। हमलावर पुलिस की मौजूदगी में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शिकायत के बाद भी बारादरी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रूहेलखंड चौकी इंचार्ज मामले को टालते रहे। इस बीच बुधवार को जब आरोपी ने घर में घुसने की योजना बनाई तो इसकी जानकारी हसीन मियां और उनकी बेटी ने सीओ थर्ड को दी।
पता चलने पर चौकी इंचार्ज को सीओ ने जमकर फटकार लगाई और तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद देर शाम बारादरी पुलिस ने आरोपी शाहीन मियां इनके बेटे व अन्य पांच अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला करने समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाने में छुटभैया नेताओं का लगा जमावड़ा
सीओ के निर्देश के बाद आरोपी शाहीन मियां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी बुधवार आधी रात छुटभैया नेताओं को लगी तो थाने में जमावड़ा लग गया। वह आरोपी पक्ष की पैरवी कर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का दबाव बनाने लगे। इस पर इंस्पेक्टर ने थाने में दरोगा की फटकार लगाने के बाद विपक्षी के साथ पहुंचे लोगों का वहां से भगा दिया।
