रामपुर : 20 घंटे बाद ईंट भट्टे के तालाब से मिले किशोरों के शव, कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

मंगलवार दोपहर भट्टे के तालाब में डूबे थे किशोर, 20 मिनट तक चला सर्च ऑपरेशन, बरेली से आए गोताखोरों ने बरामद किए शव, कोतवाली में हुआ हंगामा, लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसडीएम आवास का किया था घेराव

रामपुर/मिलक, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर भट्टे के तालाब में डूबे दो किशोरों के शव 20 घंटे बाद मिले। करीब 20 मिनट तक सर्च ऑपरेशन चला। शव बाहर आते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक के पिता ने ईंट भट्ठा संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।
         
मिलक थाना क्षेत्र के मोहल्ला वसीरनगर निवासी सुनील गोस्वामी का पुत्र विशेष (16) व वीरपाल का पुत्र प्रिंस (12) दोपहर अपने साथियों के साथ करीब एक बजे घर से निकले थे। दोनों रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित कादरी ईंट भट्टे में बने तालाब पर घूमने गए थे। विशेष का पैर तालाब में फिसल गया था। जिसके बाद वह गड्ढे में जा गिरा था। विशेष को डूबता देख उसका भाई प्रिंस ने भी तालाब में छलांग लगा दी थी। उनके साथी घंटों तक दोनों का तालाब से बाहर निकलने का इंतजार करते रहे लेकिन वे बाहर नहीं आए।

 दोस्तों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। जिसके बाद परिजन तालाब पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। तहसीलदार राकेश चंद्रा ने दो क्षेत्रीय गोताखोर बुलवाए जिन्होंने रात आठ बजे तक खोजबीन की, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली थी। इस पर परिजनों का आक्रोश पनप गया था। रात 11 बजे तक परिजन कोतवाली परिसर में डेरा डाले रहे। पुलिस से मदद नहीं मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने एसडीएम आवास का घेराव कर किया था। आधे घंटे तक एसडीएम आवास से भी कोई आश्वासन नहीं मिला था।

 बुधवार सुबह साढ़े छह बजे बरेली स्थित 8वीं वाहिनी पीएसी बी कंपनी बाढ़ राहत दल मिलक पहुंचा। सात बजे स्टीमर टीम ने अभियान चलाया। प्लाटून कमांडर अतुल कुमार के नेतृत्व में करीब 20 मिनट तक चले सर्चिंग ऑपरेशन में पांच मिनट के अंतराल से दोनों किशोरों के शवों को बरामद कर लिया गया। शवों को देख परिजनों में चीखपुकार मच गई। कोतवाल अजयपाल सिंह ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके किशोरों के शव दिखाए बिना ही पोस्टमार्टम को भेज दिया। उसके बाद फिर से कोतवाली में हंगामा खड़ा हो गया।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : 7.24 करोड़ से होगा रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम का विकास, राज्यपाल ने दी हरी झंडी

संबंधित समाचार