गोंडा में दिनदहाड़े 51 हजार की लूट, चेकिंग के नाम पर रुकवाई बाइक
गोंडा, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के बडगांव पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से 51 हजार रुपये लूट लिए और भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस मकहमें में हड़कंप मच गया। पीडित ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
कौडिया थाना क्षेत्र के बेलवा बाजार का रहने वाला माधव राज बुधवार को अपने एक रिश्तेदार के साथ केशवपुर पहड़वा स्थित पंजाब नेशनल बैंक गया था और अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे। एक हजार रुपया उसके पास पहले से था। रुपये निकालने को बाद वह अपने रिश्तेदार को छोड़ने के लिए उसके घर खैरा बाग चला गया।
पीडित माधवराज का कहना है कि करीब 12 बजे खैरा बाग से वापस लौटते समय जब वह बडगांव पुलिस चौकी से चंद कदम आगे पहुंचा था तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उसे चेकिंग के नाम पर रोक लिया और बाइक से रुपयों वाला बैग उतार कर उसमें रखा 51 हजार रुपया निकाल लिया और भाग निकले। पीड़ित ने बड़गांव पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो पुलिस महकमें में हडकंप मच गया। बदमाशों की धरपकड़ के लिए तत्काल चेकिंग लगाई गयी लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। पीडित माधवराज ने पुलिस चौकी पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
लूट की वारदात से नगर कोतवाली पुलिस बेखबर
नगर कोतवाली और बड़गांव पुलिस चौकी के बीच मधुलोक हास्पिटल के सामने दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से नगर कोतवाली पुलिस बेखबर है। घटना को लेकर जब नगर कोतवाल राकेश सिंह से जानकारी चाही गयी तो उन्होंने इस तरह की वारदात की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया। जबकि पुलिस 24 घंटे शहर में भ्रमण करने का दावा करती है। अब इस घटना ने नगर कोतवाली पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : एटीएम बूथ में दिखा सांप, शटर बंद कर वन विभाग को दी गई सूचना
