संभल: दहेज के लिए महिला को पीटा, रस्सी से गला दबाया, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव मुटैना की घटना, भाई ने ससुरालियों के खिलाफ दी तहरीर 

संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में दहेज के लिए ससुरालियों ने महिला को पीटकर रस्सी से उसका गला दबा दिया। गंभीर हालत में सीएचसी रजपुरा से रेफर करने के बाद महिला को संभल के निजी अस्पताल लाया गया। वहां महिला की मौत हो गई। सीओ ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला के भाई ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। 

गुन्नौर क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी डम्बर ने बहन हरदेई की शादी 2021 में गांव मुटैना के रहने वाले राकेश के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर महिला को परेशान किया गया। दहेज में बाइक और भैंस मांगी गई। हरदेई की बहन कल्लो भी उसी के घर के पास रहती है।

बुधवार सुबह कल्लो ने भाई डम्बर को फोन पर सूचना दी कि ससुराल वालों ने हरदेई को पीट रहे हैं। तभी कल्लो और नेकसी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि राकेश व ससुराल वाले हरदेई के गले में रस्सी डालकर खींच रहे थे और पीट रहे थे। सूचना मिलने पर भाई डम्बर भी लोगों के साथ पहुंच गया।

गंभीर हालत में महिला को सीएचसी रजपुरा लाया गया तो चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। मायके वाले उसे शहर के निजी अस्पताल लाए। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ आलोक कुमार सिद्धू और थाना प्रभारी पवन कुमार ने घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: प्लाटून कमांडर की पत्नी के साथ अभद्रता, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

संबंधित समाचार