बरेली: छेड़छाड़ के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ विभागीय जांच शुरू, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएमओ ने एसीएमओ की अगुवाई में गठित की जांच कमेटी

बरेली. अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में महिला लैब टेक्नीशियन की ओर से डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने के मामले में थाने में तो रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई लेकिन विभागीय जांच शुरू हो गई है। सीएमओ ने इसके लिए कमेटी का गठन किया है। बृहस्पतिवार को इस कमेटी ने अस्पताल आकर पूछताछ की लेकिन ज्यादातर स्टाफ चुप्पी साधे रहा।

तीन सौ बेड अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर तैनात महिला लैब टेक्नीशियन ने डॉक्टर पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। बुधवार को इस मामले में कई संगठन भी उसकी पैरवी में उतर आए थे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

महिला कर्मचारी सीएमओ के आवास पर जाकर उनसे कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद सीएमओ ने आरोपी डॉक्टर को तीन सौ बेड अस्पताल से हटाकर जिला अस्पताल में अटैच कर दिया है। तीन सौ बेड अस्पताल का आवास भी खाली करने को कहा है।

सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने जांच के लिए एसीएमओ डॉ. भानु प्रकाश के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। बृहस्पतिवार को एसीएमओ ने तीन सौ बेड अस्पताल पहुंचकर स्टाफ से पूछताछ की लेकिन स्टाफ चुप्पी साधे रहा।

पहले दिन नदारद, दूसरे दिन की ओपीडी
दो दिन पहले महिला कर्मचारी से डॉक्टर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। मामला तूल पकड़ते देख आरोपी डॉक्टर बुधवार को भूमिगत हो गए। सीएमओ के आदेश पर बृहस्पतिवार को उन्होंने जिला अस्पताल की ओपीडी में ड्यूटी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- बरेली: जोगी नवादा से सैकड़ों कांवड़ियों का जत्था कछला घाट के लिए रवाना

संबंधित समाचार