बदायूं: कहर बनी बारिश, महिला समेत दो लोगों की गई जान

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कोतवाली दातागंज क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, उसका भाई झुलसा

बिल्सी/दातागंज, अमृत विचार। पिछले कुछ दिनों से बारिश का कहर टूट रहा है। जगह-जगह जलभराव है। मकान ढह रहे हैं। लोगों की मौत हो रही हैं। बारिश के कहर से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। कोतवाली दातागंज क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से धान में खाद लगा रहे युवक की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से झुलस गया।

कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में घर की दीवार गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे।

कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव अंगदपुर निवासी मुकेश (25) पुत्र दोदराम और उनका छोटा भाई मनोज (18) गुरुवार की दोपहर लगभग एक बजे अपने खेत पर धान की पौध में खाद डालने के लिए गए थे। हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। आसमान में बिजली गरज रही थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली दोनों भाइयों के ऊपर गिर गई।

दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास खेतों पर मौजूद किसानों ने देखा तो वह दौड़कर दोनों भाइयों के पास पहुंचे। दोनों भाइयों के परिजनों को सूचित किया। परिजन दोनों को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां चिकित्सक ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। मनोज का इलाज चल रहा है।

उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार में चीत्कार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले भी आकाशीय बिजली गिरने से थाना उसहैत और इस्लामनगर क्षेत्र में चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में दीवार भरभराकर गिर गई। जिसके मलबा में दबकर महिला की मौत हुई।

क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया निवासी दरियाव सिंह की पत्नी सुदामा देवी (50) गुरुवार की दोपहर अपने घर से निकलकर पड़ोस वाले घर में जा रही थी। रास्ते में राजपाल सिंह के घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। सुदामा देवी दीवार के मलबा के नीचे दब गईं। ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। महिला के ऊपर से दीवार का मलबा हटाया गया। महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।

परिजन उन्हें चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद कोतवाली बिल्सी पुलिस और नायब तहसीलदार अरुण कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर जांच करने के लिए पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: गंगा में आई बाढ़ से बिगड़ रहे हालात, सहसवान के कई गांव बने टापू 

संबंधित समाचार