बरेली: भूमाफिया की सूचनाएं पोर्टल पर नहीं अपलोड, एडीएम प्रशासन ने जताई नाराजगी
बरेली, अमृत विचार। भूमाफिया के विरुद्ध आने वाली सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड नहीं की जा रही हैं। यह बात गुरुवार को मासिक समीक्षा में सामने आने पर एडीए प्रशासन दिनेश ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि सुधार करते हुए समय से पोर्टल पर सूचना अपलोड कराएं।
वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व ने नगर निकाय की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम होने पर नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार शाम को राजस्व वसूली एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। एडीएम प्रशासन ने सभी तहसीलों की लंबित रिटों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस पोर्टल पर जिस शिकायतकर्ता की शिकायत निस्तारण गुणवत्तापूर्वक की गई है, उससे फोन से बात कर जानकारी करें कि वह शिकायत निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने कहा कि जिन तहसीलों में अभी तक नक्शे पास नहीं हो पाये हैं उन्हें शीघ्र पास कराएं। बरेली मंडी समिति में इस माह वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम हुआ है, जिस पर सुधार करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में एडीएम सिटी डॉ. आरडी पाण्डेय, एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
