बरेली: दिन भर सोशल मीडिया पर चला मिशन चंद्रयान-3, लोगों ने परिवार के साथ देखी लांचिंग
लोग बोले- हर भारतीय के लिए यह गौरव का पल रहा
बरेली, अमृत विचार। मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण के समय देश के साथ ही बरेली भी इस गौरवान्वित पल का साक्षी बना। शहर में लोगों ने परिवार के साथ टीवी पर चंद्रयान की लांचिंग को देखा। दिनभर सोशल मीडिया पर मिशन को लेकर चर्चा रही। लोगों ने लांचिंग के फोटो स्टेटस पर लगाए। इससे संबंधित पोस्ट भी शेयर की।
माधवराव सिंधिया स्कूल में बच्चों ने चंद्रयान से संबंधित पेंटिंग और कोलाज बनाए। इससे पहले बच्चों ने मंदिर में पूजा कर चंद्रयान के सफल होने की कामना की। चंद्रयान- 3 के लांचिंग पर युवाओं ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
परिवार के साथ टीवी पर मिशन चंद्रयान-3 की लांचिंग को देखा। इसको लेकर हर कोई उत्साहित था---अंशिका, राजेंद्र नगर।
कुछ साल बाद एक बार फिर चंद्रयान- 3 मिशन पर वैज्ञानिकों ने काम कर भारत को गौरवान्वित करने का मौका दिया है। हालांकि इसके बारे में अभी और गहराई से पढ़ रहा हूं---उत्कर्ष, सिविल लाइंस।
दोपहर में दादी और बाबा के साथ चंद्रयान 3 की लांचिंग देखी। वास्तव में ये हर भारतीय के लिए गर्व का पल रहा---आशीष, डेलापीर।
यह भी पढ़ें- बरेली: खुद को बचाने के लिए सचिव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा, जान को बताया खतरा
