सुलतानपुर: मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय बदमाश गिरफ्तार, एक सिपाही व बदमाश घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयसिंहपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। आतंक के पर्याय बने चार अंतर्जनपदीय बदमाशों को जयसिंहपुर व मोतिगरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए बीते दिनों हुई लूट की घटनाओं में शामिल चार लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसी  दौरान भाग रहे एक बदमाश गोली लगने से  जख्मी हो गया। जवाबी कार्यवाही में एक सिपाही भी जख्मी हो गया। तीन लुटेरे जौनपुर जनपद के रहने वाले हैं। 

चार पहिया वाहन व बाइक सवार लुटेरे लूट व टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके राजफाश को क्षेत्राधिकारी प्रशांत सिंह ने पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। खुद भी लगातार तीन दिन तक अगल बगल के जनपदों अंबेडकरनगर व जौनपुर के बॉर्डर की निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार की रात जब जनपद की सीमा में प्रवेश किया तो पुलिस के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।

सटीक सूचना पर पुलिस ने मोतिगरपुर में बगैर नंबर की पल्सर पर सवार बदमाश शेर अली उर्फ शेरा को रोका तो वह फायर करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में वह पुलिस की गोली से घायल हो गया। घायल बदमाश जनपद के करौंदीकला का रहने वाला है। उसके द्वारा चलाई गई गोली से सिपाही जनार्दन यादव भी आंशिक रूप से जख्मी हो गए। इन्हें मोतिगरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

इसी गिरोह के अन्य तीन बदमाश स्कार्पियो वाहन पर सवार होकर जयसिंहपुर क्षेत्र में लूट करने जा रहे थे। पहले से सतर्क जयसिंहपुर कोतवाल प्रेम चन्द्र सिंह ने हमराहियों के साथ अलावलपुर के पास वाहन को जब रोकना चाहा तो लुटेरे फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उनको पकड़ लिया, जिनकी पहचान जौनपुर जिले के सरपतहा थाना अंतर्गत लौदा गांव के सुभाष गौतम, संदीप गौतम व मदारेपुर के आकाश गौतम के रूप में हुई। इनके पास से दो 315 बोर तमंचा, कारतूस बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश व सिपाही का इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें:-रंजीत सिंह से बना सद्दाम शेख, धर्म परिवर्तन कर ली थी अलकायदा की शपथ, करना चाहता था बड़ा आतंकी हमला

संबंधित समाचार