Jalaun News : सिलेंडर में लगी आग, दो मासूम सहित तीन की मौत, चार गंभीर रूप से झुलसे, घटना से दहल गया इलाका
जालौन में सिलेंडर में आग लगने से तीन की मौत।
जालौन में सिलेंडर में आग लगने से दो मासूम सहित तीन की जलकर मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जालौन, अमृत विचार। शहर की कांशीराम कॉलोनी शुक्रवार की देर रात गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद परिवार की चीख पुकारों से दहल गई। उस समय कुछ लोगों ने साहत का परिचय देते हुए सिलेंडर को घर से बाहर फेंका तो कुछ तमाशबीन बने रहे। आग की घटना से कबाड़ी का काम करने वाले परिवार के सात सदस्य बुरी तरह झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इस घटना में दो मासूम समेत तीन की मौत हो गई। जबकि चार का उपचार चल रहा है। पुलिस ने अवश्यक कार्रवाई की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 21 में कबाड़ी का काम करने वाले अशोक कुमार अपने परिवार के साथ रहते है। शुक्रवार को जब वह अपने घर पर कबाड़ में खरीदा हुआ सीएनजी का एक सिलेंडर काट कर उसमें से पीतल निकालने का काम कर रहे थे उसी दौरान सीएनजी गैस का रिसाव होने लगा। घर की रसोई में पत्नी शकुंतला घरेलू गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। गैस का रिसाव तेजी के साथ हुआ और एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई।
देखते ही देखते घर में आग की लपटें उठने लगी। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अशोक के परिवार के लोग झुलसने लगे तभी इनकी चीख पुकार सुनकर कॉलोनी में रहने वाले पड़ोसी दौड़े दौड़े और बड़ी मशक्कत के बाद जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर फेंका। इसके बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक परिवार के सात सदस्य झुलस चुके थे। अशोक कुमार की पत्नी शकुंतला (50), पुत्र रवि (22), दो वर्षीय नातिन आरोही उर्फ एंजल, डेढ़ वर्षीय पायल, 4 वर्षीय नाती भोलू, भतीजी सोमवती (16) गंभीर रूप से झुलस गई थी।
झुलसे हुए सभी लोगों को मोहल्ले वासियों की मदद से आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहा डॉक्टर ने दो वर्ष की मासूम आरोही को मृत घोषित कर दिया। शकुंतला और पायल को झांसी रेफर कर दिया। परिजन नातिन और दादी को झांसी ले जा रहे थे तभी रास्ते में डेढ़ वर्ष की पायल ने दम तोड़ दिया वहीं शकुंतला की झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। बाकी झुलसे हुए लोगो का उपचार चल रहा है । तीनों मृतको के शवों का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने बताया उक्त परिवार के लोग कवाड़ का काम करते है। उक्त लोग घर में ही सीएनजी सिलेंडर से पीतल निकाल रहे थे। उसी दौरान गैस का रिसाव हुआ और जहां पर खाना बन रहा था वहां पर पहुंचे गैर रिसाव ने आग पकड़ ली और यह घटना हो गई।
