अयोध्या: सरयू किनारे 43 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बनेगी टेंट सिटी
पर्यटन की दृष्टि से फूड, इंटरटेनमेंट जोन व पार्क आदि की होंगी सुविधाएं
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी को पर्यटन की दृष्टि से सजाने और संवारने की कवायद जोरों पर चल रही है। होटल और भवनों के निर्माण के लिए आवेदन आ ही रहे हैं। पेइंग गेस्ट योजना का भी संचालन शुरू कर दिया गया है। पर्यटन के ही लिहाज से अब अयोध्या में सरयू किनारे टेंट सिटी को विकसित करने के कार्य ने जोर पकड़ लिया है। अस्थायी रूप से लगभग 43 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बनाए जाने वाली टेंट सिटी के लिए शनिवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल और एडीए उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने गुप्तारघाट के पास जमथरा बंधा का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने टेंट सिटी के लिए प्रस्तावित भूमियों का चयनित संस्था के प्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि टेंट सिटी के अंतर्गत फूड जोन, इंटरटेनमेंट जोन, पार्क आदि बनाए जाएंगे। इसके बाद गौरव दयाल ने नयाघाट के पास स्थित आधुनिक सार्वजनिक शौचालय सहित नगर निगम द्वारा संचालित अन्य शौचालयों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि इन दिनों कांवरियों और श्रद्वालुओं की संख्या अत्यधिक है। इस कारण घाट के समीप स्थित सभी शौचालयों की सफाई निरन्तर सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि सभी शौचालयों के लिए जांच बिंदु बनाये जाय तथा उन्हीं के अनुसार उनकी नियमित जांच करायी जाय। सभी सम्बंधित अधिकारी नियमित शौचालयों की साफ सफाई व्यवस्था आदि का निरीक्षण करते रहे। इसके उपरांत उन्होंने बंधा तिराहा स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय, धर्मपथ पर स्थित सुलभ शौचालयों का निरीक्षण किया तथा राम की पैड़ी के आसपास की भी साफ सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : रामपथ पर पदयात्रा कर सपा नेताओं ने देखा हाल, बोले - बुरी है स्थिति
