Unnao News : प्रधान का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा, जानें- पूरा मामला
उन्नाव में प्रधान का फंदे से लटकता मिला शव।
उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में युवक का फंदे से शव लटकता मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया।
उन्नाव, अमृत विचार। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के अमोईया गांव के प्रधान का शव बाग में फंदे से लटका देख लोगों में सनसनी फ़ैल गई। प्रधान समर्थकों व परिजनों ने उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव उतारने का प्रयास किया तो लोगों के आक्रोश देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए। प्रधान चार दिन से घर से लापता था। उसका शव काफी सड़ गया था। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि हसनगंज के अमोइया गांव का प्रधान साहब (28) पुत्र गुरुबक्श गुरुवार शाम मोबाइल फोन घर में चार्जिंग पर लगाकर निकला था। काफी समय बाद भी जब वह नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढने निकले। लेकिन उसका पता नहीं चला। हालांकि परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। रविवार सुबह गांव से करीब दो किमी दूर लोगों ने उसका शव आम के बाग में पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका देख परिजनों को सूचना दी। सूचना पर बड़ी संख्या में प्रधान समर्थक व परिजन एकत्र हो गए।
प्रधान प्रतिनिधि के रूप में उसके कार्य देखने वाले गांव के चंदन व अन्य लोग उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगा हंगामा करने लगे। इसी बीच हसनगंज इंस्पेक्टर राजेश सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझाना शुरू किया। दो घंटे चले हंगामे के बाद लोग शांत हुए और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा। प्रधान की मौत पर पत्नी साधना का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं बेटी लक्ष्मी और राधा के सिर से पिता का साया उठ गया है।
