Kanpur Dehat News : आठ करोड़ रुपये से सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प, विभाग जियो टैक कराकर करेगा अपडेट
कानपुर देहात में आठ करोड़ रुपये से सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प।
कानपुर देहात में आठ करोड़ रुपये से सरकारी स्कूलों का कायाकल्प होगा। इससे विद्यालयों की दीवार, विद्युतीकरण, मरम्मत, शौचालय निर्माण समेत अन्य कायाकल्प कार्य कराए जाएंगे।
कानपुर देहात, अमृत विचार। समग्र शिक्षा के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के जनपद में 1926 परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प के लिए करीब आठ करोड़ रुपये का बजट विभग की ओर से जारी कर दिया गया है। इससे विद्यालयों की दीवार, विद्युतीकरण, मरम्मत, शौचालय निर्माण समेत अन्य कायाकल्प कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों की जियो टैग कराकर विभाग को अपडेट करानी होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी), विभिन्न निधियों व सीएसआर फंड आदि से परिषदीय विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर करने की कवायद की जा रही है। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आए हैं। इसी क्रम में विभाग ने समग्र शिक्षा के तहत जनपद में 1926 परिषदीय विद्यालयों के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है।
इसके लिए शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से गैप एनालिसिस के आधार पर काम कराया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों की चहारदीवारी, विद्युतीकरण, वृहद मरम्मत, बालक-बालिका शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसका काम शुरू होने से पहले, काम के दौरान और काम पूरा होने के बाद जियो टैग फोटोग्राफ भी राज्य परियोजना कार्यालय को भेजा जाएगा।
राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने सभी बीएसए को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्य को सितंबर तक पूरा कराया जाए। किसी भी दशा में बजट का दोहराव न होने पाए। उन्होंने मदवार भी बजट खर्च की सीमा निर्धारित की है और इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
निदेशक ने कहा है कि बीएसए, बीईओ इन निर्माण कार्य की गुणवत्तापूर्ण तरीके से होने के लिए नियमित निरीक्षण करें। इस बावत बीएसए रिद्धी पांडेय ने बताया कि शासन से जारी बजट के अनुसार स्कूलों में कायाकल्प के तहत कार्य कराकर बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
