Kanpur : गैर समुदाय युवती बना रही थी शादी का दबाव, युवक ने दी जान, मां बोली- हाय दइया जिंदगी भर का कलंक लग गवा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में युवक ने जान दे दी।

कानपुर में गैर समुदाय युवती के शादी का दबाव बनाने पर युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। नवाबगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

कानपुर, अमृत विचार। गैर समुदाय युवती के शादी का दबाव बनाने पर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक पंद्रह दिन पहले ही अपनी बुआ के घर घूमने आया था। फांसी पर लटकते शव को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना के बाद मां और बहन सदमे में है। 

मूलरूप से बहराइच के थाना प्रयागपुर के गांव परसिया निवासी 22 वर्षीय रामजी शर्मा प्राइवेट काम करते थे। उनकी मां उर्मिला ने बताया कि वह पंद्रह दिन पहले नवाबगंज में रहने वाली बुआ मीरा शर्मा के घर घूमने गया था। जहां शनिवार देर रात उसने कमरा बंदकर साड़ी से पंखे के कुंडे में लटककर फांसी लगाकर जान दे दी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे रामजी का आगरा में रहने वाली गैर समुदाय की एक युवती से कई महीनों पहले मोबाइल में चैटिंग से दोस्ती हो गई थी।

इसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ती चली गईं। उन्होंने बताया कि बेटे की अक्सर युवती से बात हुआ करती थी। जिसके कारण युवती लगातार उसके ऊपर शादी करने का दबाव बना रही थी। इस बात को लेकर वह कई दिनों से परेशान था। बुआ के अनुसार उनका भतीजा शादी करने को कतई तैयार नहीं था।

परिजनों के अनुसार घटना से पहले उसने अपने मोबाइल से युवती के मोबाइल पर मैसेज टाइप करके जान देने की बात लिखी। इस मामले में पुलिस और फोरेंसिक ने घटना के साक्ष्य एकत्रित करके रामजी का मोबाइल कब्जे में ले लिया। नवाबगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।  

तीन दिन पहले ही युवती से आगरा में मिलकर आया था

मां उर्मिला ने बताया कि तीन दिन पहले ही वह युवती से मिलने आगरा गया था। जहां से लौटने पर उसने युवती द्वारा शादी का दबाव बनाने की बात कही थी। ऐसा न करने पर कार्रवाई कराने की बात कही थी। इसको लेकर वह थोड़ा सा डरा हुआ था। 

हाय दइया जिंदगी भर का कलंक लग गवा 

परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही वह आनन-फानन घटनास्थल पर पहुंचने के लिए निकल पड़े। इस दौरान बुआ मीरा शर्मा ने कहा कि उन पर जिंदगी भर का कलंक लग गवा। मां उर्मिला ने बताया कि बड़ी बहन के अलावा रामजी बड़ा और श्यामजी छोटा भाई है।

रावतपुर में गैर समुदाय की युवती के चक्कर में चुनी थी मौत

रावतपुर थानाक्षेत्र के सैय्यद नगर निवासी बीसीए कर चुके 24 वर्षीय अंशुमान यादव ने गैर समुदाय की युवती से प्रेम संबंध के चक्कर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। दो वर्ष पूर्व रोडवेज में आरएम ऑफिस में तैनात उसके पिता रमेश चंद्र यादव की कैंसर बीमारी से डयूटी के दौरान निधन हो गया था। जिसके बाद अंशुमान की मृतक आश्रित की जगह नौकरी लग गई थी। एक माह बाद उसकी ज्वाइनिंग होनी थी। चाचा से बंटवारे के बाद मिले मकान में युवक अकेला रह रहा था। अंशुमान ने मोहल्ले की ही रहने वाली गैर समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या कर ली थी। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जाने के दौरान युवती ने उसके मोबाइल पर बाय का मैसेज भेजा था, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। 

प्रेम प्रसंग के चलते आईटीआई छात्र ने की आत्महत्या 

बर्रा थानाक्षेत्र के ईडब्लूएस कालोनी में रहने वाला 19 वर्षीय सावंत गुप्ता उर्फ रितिक गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता राजकुमार गुप्ता के अनुसार वह टिकरा में आईटीआई का छात्र था। शनिवार सुबह परिवार के सभी लोगों ने खाना खाया इसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। उन्होंने बताया कि सबह मां अंजलि और बहन उर्मी ने उसे अपने कमरे में नहीं पाया तो आवाज देकर बुलाया। लेकिन कोई प्रतिक्रिया न आने पर परिजन छत पर गए। जहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सांवत का शव सीढ़ी के डंडे से अंगौछे के सहारे लटक रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना के पीछे परिजनों ने बताया कि उसका पनकी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच ऐसे क्या बात हुई कि सावंत ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई के लिए परिजनों से तहरीर मांगी है।

संबंधित समाचार