शाहजहांपुर: भाजपा विधायक पर हत्या की साजिश रचने का आरोप, जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा के शिष्ट मंडल के साथ एसपी से मिले पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा और उनके पुत्र व नगर पंचायत निगोही के चेयरमैन मनोज वर्मा ने एसपी से मिलकर भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। नगर पंचायत चेयरमैन ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं मीडिया से रूबरू पूर्व विधायक ने कहा कि तिलहर विधायक, उनके पति और विधायक के प्रतिनिधि ने हत्या की साजिश रच रहे हैं। उनके या परिवार के साथ कोई घटना होती है तो विधायक और उनके पति जिम्मेदार होंगे।

सपा के जिला अध्यक्ष तनवीर खां के साथ पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा व उनका बेटा निगोही नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज वर्मा एसपी से मिला और एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। मनोज वर्मा ने बताया कि कपिल सिंह निवासी खुदागंज के ब्रादर्स ट्रेडर्स के खाते में 51 और 10 लाख रुपये नगद दिए थे। रुपये मांगने पर कई बार अलग-अलग समय दिया। आरोप है कि उनके साथ धोखाधड़ी की है। 13 जुलाई को हमजापुर चौराहे पर कपिल आदि ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। 

सोमवार की दोपहर नमकीन फैक्ट्री मालिक कुनाल अग्रवाल ने फोन करके रोजा अटसलिया में फैक्ट्री में समझौता के लिए बुलाया था। वहां पहले से दूसरा पक्ष मौजूद था। फैक्ट्री मालिक ने दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद फैसला किया, लेकिन दूसरा पक्ष फैसला मानने को तैयार नहीं था। दूसरा पक्ष फैक्ट्री से पहले बाहर निकल आया। फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर आरोपी अपने साथियों के साथ खड़ा हो गया। फैक्ट्री के बाहर आते ही पूर्व विधायक के बेटे को घेर लिया। 

पूर्व विधायक के बेटे ने फैक्ट्री मालिक को फोन पर सूचना दी तो दूसरा पक्ष भाग गया। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज वर्मा का आरोप है कि रुपये के लेनदेन के विवाद के दौरान फायदा उठाकर तिलहर की विधायक सलोना कुशवाहा, उनके पति राम सिंह कुशवाहा व विधायक के प्रतिनिधि आशुतोष सिंह ने हत्या का षडयंत्र रचा है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने निष्पक्ष जांच की मांग की। उनके साथ कोई कोई घटना होती है तो विधायक, उनके पति व प्रतिनिधि जिम्मेदार होंगे। सपा के शिष्ट मंडल में रामकुमार भोजवाल, आयुष यादव, रवि प्रकाश पांडे, राजा साहब, आरिफ खान, शहनवाज आदि थे।

पूर्व विधायक रोशन लाल के बेटे मनोज वर्मा का अपने पार्टनर से पैसे के लेनदेन का विवाद है। वह पार्टनर का पैसा नहीं देना चाहते हैं और फैकट्री में दूसरे को पार्टनर बनाना चाहते हैं, जिसने पैसा दिया है, वह तो मांगेगा। पूर्व विधायक षडयंत्र का आरोप लगा रहे हैं, जो गलत है। जनता को परेशान किया और अब जनता उनसे बदला ले रही है। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच में सामने आ जाएगी---सलोना कुशवाहा, विधायक तिलहर।

विधान सभा चुनाव के बाद तिलहर की विधायिका द्वारा उनके परिवार और पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमें में फंसाया जा रहा है। उसके बेटे को घेरकर जान से मारने का प्रयास किया गया। हर तरीके से परेशान किया जा रहा है---रोशन लाल वर्मा, पूर्व विधायक।

पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा के बेटे मनोज वर्मा ने एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने खुद को घेरकर जान से मारने का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी---अशोक कुमार मीणा, एसपी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मिर्जापुर के आजादनगर गांव में बाढ़ जैसे हालात, मुख्यालय से संपर्क कटा

संबंधित समाचार