Kanpur: साहब! दरोगा जी 80 हजार रुपये ले चुके, अब और दो लाख मांग रहे, DCP ने ACP को सौंपी जांच, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में युवक ने दरोगा पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया।
कानपुर में युवक ने दरोगा पर पर रिश्वत लेने का आरोप लगाकर डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। पीड़ित ने कहा कि साहब दरोगा जी 80 हजार ले चुके है। अब दो लाख और मांग रहे है।
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ में पकड़ी गई नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री के मामले में फंसे दो आरोपियों से दरोगा ने 80 हजार की रिश्वत ले ली। अब दरोगा मुकदमे से नाम निकालने के लिए उनसे दो लाख रुपये की और मांग कर रही है। पीड़ितों ने डीसीपी पूर्वी के सामने पेश होकर कहा कि साहब दरोगा जी 80 हजार ले चुके है। अब दो लाख और मांग रहे है। जिसे संज्ञान में लेते हुए डीसीपी ने एसीपी को जांच सौंपी है।
जाजमऊ में जून माह में नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसमें पुलिस ने गोपाल मित्तल, शिवम सिंह, मनीष, पन्नेलाल और अमित को नामजद कर मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी अमित और मनीष के परिजनों ने डीसीपी पूर्वी से मिलकर फर्जी फंसाए जाने की शिकायत की थी। परिजनों ने कहा कि दोनों दवा कारोबारी के दोस्त थे, लेकिन उनका दवा फैक्ट्री से कोई लेना-देना नहीं है।
इसके बाद भी दोनों नाम मुकदमे में शामिल कर लिया गया। डीसीपी पूर्वी ने सच्चाई पता लगवाने के लिए दोनों की लोकेशन कर जांच जाजमऊ थाने के दरोगा को सौंपी थी। आरोप है कि दरोगा ने जांच के नाम पर दोनों से 80 हजार रुपये ले लिए।
इसके बाद अब वह दोनों से नाम हटाने के लिए दो लाख रुपये मांग रहा है। दोनों आरोपियों ने पैसे देने से मना किया तो दरोगा ने दोनों को जेल भेजने की धमकी दी। इससे परेशान दोनों आरोपितों ने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। इस पर डीसीपी पूर्वी ने एसीपी कैंट बृजनारायण सिंह को जांच सौंपकर सच्चाई पता लगाने के लिए कहा है।
