बरेली: बजट के बाद भी अधूरे पड़े आंगनबाड़ी केंद्र, होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। जिले में पिछले साल के कई आंगनबाड़ी केंद्र अधूरे पड़े हैं, जबकि बजट भी जारी हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में देरी करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस वित्तीय वर्ष में 45 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने हैं। इनका जल्द निर्माण कराने का अफसर दावा कर रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले में 42 आंगनबाड़ी केंद्र प्रस्तावित थे। इनका बजट भी समय पर भेज दिया गया था, लेकिन नवाबगंज में दो, भुता में एक और बिथरी चैनपुर ब्लाक में एक आंगनबाड़ी केंद्र का अभी तक निर्माण पूरा नहीं हो सका। कहीं कमरा नहीं बन पाया तो कहीं दीवारों पर प्लास्टर समेत अन्य काम होने बाकी हैं। जो केंद्र बन गए हैं, उन्हें हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण चंद्र ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की कार्यदायी संस्था क्षेत्र पंचायत है। इसके जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
ये भी पढे़ं- बरेली: चोरों ने सरकारी स्कूल पर बोला धावा, ताले तोड़कर पंखे-बर्तन चुराकर फरार
