उन्नाव में पति का दावा - मजदूरी कर पत्नी को बनाया सिपाही, अब देने जा रही तलाक
SDM ज्योति मौर्य प्रकरण के बाद अब जिले में नया मामला, पीड़ित ने CM व सीओ को प्रार्थनापत्र देकर लगाई गुहार
उन्नाव, अमृत विचार। एसडीएम ज्योति मौर्य का प्रकरण अभी शांत भी नहीं हो सका था कि उन्नाव के अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव भौनी खेड़ा मजरा कोरारी कलां में एक और मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को मजूदरी कर व ब्याज पर रूपये लेकर पढ़ाया। जिसका उसके परिजनों ने विरोध भी किया लेकिन वह पत्नी को नौकरी की तैयारी कराता रहा। इसके बाद पत्नी पुलिस में भर्ती हो गई। कुछ समय बाद पत्नी ने एक दूसरे युवक से इंगेजमेंट कर ली। शादी के नौ साल अब पत्नी ने पति का साथ छोड़ दिया और तलाक के लिये कोर्ट में अपील की है। पति का आरोप है कि उसे बराबर धमकियां भी मिल रही हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री व सीओ से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
यहां के अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव भौनी खेड़ा के मजरा कोरारी कलां निवासी विजय पाल पुत्र उदय वीर सिंह ने बाराबंकी एसपी को भेजे पत्र में बताया कि वर्ष-2010 में उसकी शादी माखी थानाक्षेत्र के गांव बेल्सी निवासी वासुदेव की बेटी छाया से हुई थी। शादी के बाद छाया ने पढ़ने की इच्छा जताई। उस दौरान वह नौकरी भी नहीं करता था। उसने मजदूरी करके उसे नौकरी की तैयारी कराई। वर्ष-2016 में पत्नी पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर भर्ती हो गई।
जब वह जेटीसी रिजर्व पुलिस लाइन में थी, तब उसने 50 हजार रुपये ब्याज में लेकर प्रशिक्षण के दौरान दिए। जिसके बाद पत्नी की बाराबंकी में नियुक्ति हो गई। पत्नी बिना किसी विवाद के उससे नाता तोड़ने लगी और पुलिस में होने की धमकी देने लगी। समझाने के बावजूद पत्नी ने उसकी एक न सुनी और उससे अभद्रता करने लगी। जिसके बाद उसका साथ छोड़ने के लिए उसने वर्ष 2019 में तलाक के लिए अपील की। आरोप है कि छाया के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर इंगेजमेंट भी कर दी। उसके परिजन बराबर कोर्ट की तारीख में आने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री व सीओ उन्नाव को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें -मणिपुर में सभ्यता का चीरहरण हुआ है और संस्कृति का पाताल-पतन, अखिलेश ने भाजपा और RSS पर साधा निशाना
