अयोध्या : ओवैसी के Tweet से खजूर मस्जिद का मामला गरमाया, मीनार को लेकर लिखी ये बात 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। एमआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी द्वारा किए गए ट्वीट से गुदड़ीबाजार स्थित शाही मस्जिद खजूर का मामला गरमा गया है। गुरुवार को ओवैसी ने ट्वीट कर रामपथ पर स्थित मस्जिद को लेकर चौड़ीकरण में मीनार तोड़े जाने की निंदा की है।
  
बता दे कि रामपथ चौड़ीकरण को लेकर मस्जिद का दो मीटर भाग ध्वस्त किया जाना है उसमें से कुछ हिस्सा ध्वस्त भी किया जा चुका है। इसे लेकर मुतवल्ली सैयद परवेज हुसैन द्वारा कमिश्नर को पत्र देकर ध्वस्तीकरण रोके जाने की मांग की गई थी। मुतवल्ली ने अपने पत्र में लिखा था कि फैजाबाद अयोध्या मार्ग पर गुदड़ीबाजार मोहल्ले में अति प्राचीन मंदिर सड़क के किनारे स्थित है। मस्जिद का प्राचीन नाम वक्फ मस्जिद मेंहदी हसन है और संचालन शिया सेंट्रल बोर्ड द्वारा किया जाता है। 

उन्होंने अनुरोध किया था कि दो मीटर ध्वस्तीकरण प्रस्तावित है यदि यह ध्वस्तीकरण उत्तर की ओर तीन मीटर कर लिया जाए तो मस्जिद आबाद रहेगी। यह तीन मीटर नजूल में भी है। हालांकि इस पर जिला प्रशासन की ओर से कोई राहत न मिलने पर जिम्मेदार अदालत चले गए। हालांकि अभी अदालत से कोई राहत नहीं मिली है। इसी बीच गुरुवार को ओवैसी द्वारा यह ट्वीट किए जाने से कि अयोध्या रामपथ में खजूर की मस्जिद का मामला सामने आया है। मस्जिद की मीनार (दाहिना) को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। मीनार इस तरह दबाव बना कर तोड़ना निंदनीय है। योगी आदित्यनाथ को चाहिए कि कानून का पालन करें और शिया समुदाय की इस ऐतिहासिक मस्जिद का सम्मान करें। बता दें कि इस मामले में शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अली जैदी पहले ही जिलाधिकारी और अपर सर्वे आयुक्त वक्फ को पत्र लिख चुके हैं। फिलहाल कमेटी को अब अदालत के निर्णय का इंतजार है।

मुतवल्ली ने बताया कि जिला प्रशासन से लगातार अनुरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि याचिका दायर की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही आयुक्त से मुलाकात करेगा।

12 (53)

ये भी पढ़ें -अयोध्या: सपा महिला सभा की जिला कमेटी घोषित

संबंधित समाचार