अमरोहा: कूलर लेने के नाम पर फर्नीचर कारोबारी से ठगी का प्रयास, ब्लैकमेल कर रही आरोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। शातिर ठग ठगी करने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। नगर में भी ठगी करने का एक नया मामला सामने आया है। यहां एक फर्नीचर कारोबारी से कूलर खरीदने के नाम पर महिला ने ठगी का प्रयास किया गया। कारोबारी को नए-नए नंबरों से फोन कर ब्लैकमेल किय जा रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

थाना क्षेत्र के मोहल्ला सैफी नगर के रहने वाले रईस अहमद फर्नीचर कारोबारी हैं। 12 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात महिला ने फोन किया और खुद को पास ही के गांव शाहबाजपुर स्थित एक स्कूल में तैनात शिक्षक बताया। उसने फोन पर कूलर लेने की बात कहते हुए कूलर के 5,000 रुपये तुरंत फोन पर भेजने की बात कही। कुछ देर में ही फर्नीचर कारोबारी के फोन पर टेक्स्ट मैसेज आया। 

जिसमें तीन मैसेज 10-10,000 रुपये, जबकि दो मैसेज में 5-5,000 रुपये आने के मैसेज आए। कारोबारी ने अपने खाते का बैलेंस चैक किया तो उसमें कोई भी रुपया नहीं पहुंचा। जिसके बाद महिला ने कारोबारी को फोन किया और गलती से उसके खाते में 5,000 रुपये की जगह 50,000 रुपये चले जाने की बात कही, साथ ही 5,000 रुपये कूलर के रखने और 45,000 रुपये रिटर्न करने की बात कही।

 जबकि, कारोबारी ने खाते में कोई भी रुपया नहीं आने की बात कही है। महिला उससे 45,000 रुपये रिटर्न भेजने का दबाव बनाने लगी, साथ ही पीड़ित फर्नीचर कारोबारी को बार-बार नए नए नंबरों से फोन कर पैसे भेजने के लिए ब्लैकमेल किया जा रहा है। पीड़ित कारोबारी ने पुलिस चौकी में मामले की शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- संभल: हाईटेंशन बिजली पोल से टकराई ट्रैक्टर ट्राली, मजदूर की मौत

संबंधित समाचार